ग्लासगो. चीन और पाकिस्तान भले ही भारत के खिलाफ दोहरा मोर्चा खोलने का नापाक मंसूबा रखते हों लेकिन पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर PoK के लोग भारतीय सेना के साथ मिलकर युद्ध लड़ने का इरादा रखते हैं.
ब्रिटेन के ग्लासगो में रह रहे पीओके के पॉलिटिकल एक्टिविस्ट ने लाइन ऑफ एक्चुअल कंट्रोल (एलएसी) पर चीनी आक्रामकता के खिलाफ आक्रोश जाहिर करते हुए कहा है कि पीओके और गिलगित बाल्टिस्तान के लोग भारतीय सेना के साथ हैं.
मूल रूप से पीओके के मीरपुर के रहने वाले अमजद अयूब मिर्जा ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से कहा, ”70 सालों से PoK और गिलगित बाल्टिस्तान के लोगों को भारत से अलग रखा गया है. चीनी आक्रामकता के बीच पाकिस्तान और नेपाल की कम्युनिस्ट पार्टी डर्टी गेम खेल रही है. हम चुप नहीं बैठेंगे और भारत के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं.”
उन्होंने कहा, ”मैं भारत के लिए लडूंगा और जहां भी भारतीय सैनिकों का खून बहाया जाएगा, हम दुश्मन के खिलाफ लड़ेंगे.”
मिर्जा ने आगे कहा, ”चीन ने बड़ी गलती की है, उन्होंने भारत और PoK-गिलतगित बाल्टिस्तान में रहने वाले 1.35 अरब लोगों को भड़काया है. यदि जरूरत पड़ती है तो हम दुश्मन के खिलाफ युद्ध में भारतीय सेना के साथ लड़ेंगे.”
गौरतलब है कि पूर्वी लद्दाख के गलवान घाटी में 15 जून को हिंसक झड़प में भारत के 20 सैनिक शहीद हो गए थे, चीन के भी 40 से ज्यादा सैनिक हताहत हुए हैं. हालांकि, चीन ने अभी तक संख्या की पुष्टि नहीं की है. दुनिया की कई बड़ी शक्तियां चीन की आक्रामकता के खिलाफ भारत के साथ हैं.
अमेरिकी विदेश मंत्री माइक पोम्पिओ ने कहा है कि भारत, मलेशिया, इंडोनेशिया और फिलीपीन जैसे देशों के लिए चीन से बढ़ रहे खतरे का मुकाबला करने के लिए अमेरिका अपने बलों की वैश्विक तैनाती की समीक्षा कर रहा है जिससे कि ”उचित स्थानों पर इसकी मौजूदगी सुनिश्चित हो सके. अमेरिकी विदेश मंत्री ने कहा, ”…मैंने अभी चीनी कम्यूनिस्ट पार्टी से खतरे के बारे में कहा, इसलिए अब भारत को खतरा है, वियतनाम को खतरा है, मलेशिया, इंडोनेशिया को खतरा है, दक्षिण चीन सागर में चुनौतियां हैं.”

