देहरादून: इंडियन मिलिट्री अकादमी की पासिंग आउट परेड में रिव्यूइंग ऑफिसर के तौर पर हिस्सा लेने पहुंचे भारतीय थल सेनाध्यक्ष मनोज मुकुंद नरवणे ने कहा कि चीन से सटी सीमाओं पर स्थिति नियंत्रण में है और बातचीत जारी है.
वहीं उन्होंने नेपाल के साथ जारी सीमा विवाद पर कहा कि नेपाल के साथ भारत के बहुत मजबूत संबंध हैं, जो आगे भी हमारे संबंध मजबूत बने रहेंगे.
सेना अध्यक्ष मनोज नरवणे शनिवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि मैं सभी को आश्वस्त करना चाहता हूं कि चीन के साथ हमारी सीमाओं पर स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है. हम बातचीत कर रहे हैं, जो कोर कमांडर स्तर की वार्ता के साथ शुरू हुई है और स्थानीय स्तर पर कमांडरों के समकक्ष रैंक के साथ शुरू की गई है.
सेना अध्यक्ष मनोज नरवणे ने कहा कि इसके परिणामस्वरूप डिसिन्गैज्मन्ट कम हुई और हम उम्मीद कर रहे हैं कि हमारे द्वारा किए जा रहे निरंतर संवाद के माध्यम से भारत और चीन सभी मतभेदों को दूर करेंगे. सब कुछ नियंत्रण में है.
नेपाल के साथ हालिया घटनाक्रम और विवादों की शृंखला पर सेना अध्यक्ष मनोज नरवणे ने कहा कि नेपाल के साथ हमारे बहुत मजबूत संबंध हैं. हमारे भौगोलिक, सांस्कृतिक, ऐतिहासिक, धार्मिक संबंध हैं. हमारे पास लोगों को जोडऩे के लिए बहुत मजबूत लोग हैं. उनके साथ हमारा संबंध हमेशा मजबूत रहा है और भविष्य में मजबूत बने रहेंगे.

