चतरा सांसद सुनील सिंह ने जमशेदपुर पूर्वी के कार्यकर्ताओं को किया संबोधित
, जमशेदपुर: मोदी सरकार 2.0 के प्रथम वर्षगाँठ के अवसर पर शुक्रवार को चतरा के लोकप्रिय सांसद सुनील कुमार सिंह ने जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा के कार्यकर्ताओं को वर्चुअल रैली के माध्यम से संबोधित किया। दोपहर 1 बजे आयोजित इस रैली में पूर्वी जमशेदपुर समेत महानगर के हजारों कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल के प्रथम वर्ष की उपलब्धि गिनाते हुए सांसद सुनील सिंह ने कहा कि मोदी सरकार के नेतृत्व में केंद्र सरकार का दूसरा कार्यकाल ऐतिहासिक व बड़े फैसले से परिपूर्ण रहा है। देश ने पिछले छह वर्षों में सीमा सुरक्षा एवं आंतरिक सुरक्षा को मजबूत किया है। कोरोना संकटकाल के दौरान केंद्र सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए सुनील सिंह ने कहा कि देश ने कोरोना संकट के दौरान ग्राम पंचायत तक व्यवस्था का निर्माण करने में सफलता पाई है। कोरोना की भयानक तबाही से जहाँ विश्व के विकसित देश बेबस और लाचार दिखे। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्पष्ट नीतियों व भारतवासियों के मजबूत इक्षाशक्ति के कारण भारत मजबूती से खड़ा दिखाई दे रहा है। उन्होंने लॉकडाउन के दौरान जमशेदपुर पूर्वी समेत जमशेदपुर महानगर के भाजपा कार्यकर्ताओं के सेवा कार्यों व प्रयासों की सराहना की। श्री सिंह ने मोदी सरकार की उपलब्धि गिनाते हुए कहा कि राम मंदिर हमारे लिए कभी राजनीति का मुद्दा नही रहा। भव्य श्रीराम मंदिर निर्माण को संकल्पित भाजपा ने अपने संकल्प को सिद्ध कर करोड़ों भारतवासियों की आस्था को मजबूत किया, उनकी भावनाओं का सम्मान किया। धारा 370 एवं 35 A को समाप्त कर मोदी सरकार ने जम्मू-कश्मीर को भारत का अभिन्न अंग बनाया। नागरिकता संशोधन कानून पर बताया कि धर्म के आधार पर हुए विभाजन के पश्चात ही हिन्दू, सिख धर्म समेत अन्य धर्म के माननेवालों के प्रति धार्मिक उत्पीड़न के मामले तेजी से बढ़ते गए। पाकिस्तान, बांग्लादेश व अफगानिस्तान देश से अपनी जान बचाने को भारत मे शरण लिए शरणार्थियों के दर्द को महसूस करते हुए मोदी सरकार ने उन्हें भारत की नागरिकता प्रदान की। कहा कि नागरिकता संशोधन कानून पर लोकसभा द्वारा बनाई गई तीस सदस्यीय जॉइंट पार्लियामेंट्री बोर्ड में सदस्य के रूप में जुड़कर शरणार्थियों के दुख-दर्द, समस्याओं को करीब से देखने का अनुभव हुआ। ऐतिहासिक विधेयक में सदस्य के रूप में जुड़कर संतोष और गर्व की अनुभूति होती है। उन्होंने आत्मनिर्भर भारत बनाने में स्वदेशी उत्पाद के उपयोग को बढ़ावा देने की अपील की।
इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो, जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष दिनेश कुमार, मंडल अध्यक्ष प्रोबिर चटर्जी राणा, दीपक झा, श्रीराम प्रसाद, संतोष ठाकुर, पप्पू मिश्रा, रमेश नाग, ध्रुव मिश्रा समेत युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष व हजारों कार्यकर्ताओं ने वर्चुअल रैली में भाग लिया।

