*जामताड़ा जिला में संक्रमित दो कोरोना वायरस (COVID-19) पॉजिटिव मरीज हुए स्वास्थ्य, दोनों मरीजों का नेगेटिव रिपोर्ट आने के बाद उपायुक्त जामताड़ा श्री गणेश कुमार (भा.प्र.से.) ने डेडीकेटेड हॉस्पिटल उदल बनी ओल्ड एज होम से उनके घरों के लिए किया रवाना*
*स्वस्थ हुए दोनों व्यक्तियों ने कहा बढ़िया खातिरदारी हुई हमारी,रखा गया जिला प्रशासन द्वारा पूरा ख्याल*
उपायुक्त जामताड़ा श्री गणेश कुमार(भा.प्र.से.), माननीय विधायक जामताड़ा डॉ इरफान अंसारी, उप विकास आयुक्त श्री नागेंद्र कुमार सिन्हा, सिविल सर्जन डॉ आशा एक्का एवं अन्य ने कोरोना योद्धा को फूल माला पहना कर ,बुके देकर, ताली बजाकर दोनों योद्धा को अपने आवास तक के लिए विदा किया साथ ही उनके स्वस्थ्य जीवन की कामना की गई।
उपायुक्त जामताड़ा श्री गणेश कुमार (भा.प्र.से.) ने कहा कि लॉक डाउन फेज 4 के पहले दिन जामताड़ा जिला के लिए काफी अहम रहा। दो कोरोना पॉजिटिव मरीज जिनका रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद आज छोड़ दिया गया। कुल मिलाकर देखें तो आज दिनांक 18 मई 2020 यानी लॉक डाउन के चोथे फेज के पहले दिन जामताड़ा जिला पूरी तरह से कोरोना के संक्रमण से मुक्त हो चुका है। जिला प्रशासन द्वारा दोनों मरीजों को घर भेजने से पूर्व पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित किया गया तथा उन्हें खाद सामग्री, फल युक्त टोकरी, दवा, राशन, सैनिटाइजर,मास्क आदि प्रदान किया गया। विदाई समारोह के दौरान कोविड-19 के संक्रमण से ठीक हुए मरीजों ने कहा कि कोविड-19 के संक्रमण से लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है इसके लक्षण दिखते हैं तुरंत नजदीकी अस्पताल से या जिला प्रशासन द्वारा जारी किए गए नंबरों के माध्यम से संपर्क कर मरीज अस्पताल में भर्ती होकर डॉक्टरों के परामर्श एवं संतुलित आहार के माध्यम से ठीक हो सकते हैं।
*कोरोनावायरस से संक्रमित दोनों पॉजिटिव मरीज हुए स्वस्थ जिला के लिए बड़ी उपलब्धि, पर आने वाले दिनों में कोविड-19 एक बड़ी चुनौती भी होगी:- उपायुक्त जामताड़ा श्री गणेश कुमार (भा.प्र.से.)*
*स्वस्थ शरीर,स्वस्थ मन तथा संतुलित आहार से दूर होता है कोरोना-महामारी विशेषज्ञ अजीत कुमार दुबे*
डेडीकेटेड अस्पताल जामताड़ा के कोविड-19 के प्रमुख डॉ अजीत कुमार दुबे ने बताया कि कोविड-19 वायरस से ज्यादा चिंतित होने की जरूरत नहीं है इससे बचाव हेतु सबसे महत्वपूर्ण उपाय है कि सभी लोग सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन अनिवार्य रूप से करें क्योंकि यह भारत में ह्यूमन चैन के माध्यम से एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति तक पहुंचता है। कोविड-19 के उपचार हेतु फिलहाल कोई कारगर दवा पूरे विश्व में नहीं बना है लेकिन लोगों के इम्यूनिटी पावर बढ़ाने से इस वायरस से काफी हद तक बचा जा सकता है। विटामिन सी की मात्रा के साथ संतुलित आहार नियमित व्यायाम एवं योग के जरिए इस वायरस को पूरी तरह से स्वस्थ व्यक्ति के शरीर से दूर किया जा सकता है।
*कोविड-19 के संक्रमण से बचने के लिए कानूनी कड़ाई से ज्यादा जरूरी है लोगों का जागरूक होना:-उपायुक्त जामताड़ा*
उपायुक्त जामताड़ा ने बताया कि कोविड-19 से जामताड़ा जिला को बचाने हेतु आम लोगों की सहभागिता जिला प्रशासन के साथ बेहद महत्वपूर्ण है। कानूनी कड़ाई से जिला प्रशासन उन लोगों पर अंकुश लगा सकती है जो अनावश्यक रूप से घरों से बाहर निकलकर किसी समूह का हिस्सा बन रहे हैं। वैसे लोगों को चिन्हित कर जिला प्रशासन द्वारा कठोर कार्रवाई करते हुए उन्हें दंडित करने का कार्य लगातार किया जा रहा है। लेकिन कोविड-19 के प्रभाव से पूरी तरह जिले को निजात दिलाने हेतु जिले के आम नागरिकों को जागरूक होकर सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन करते हुए अपने घरों में अपने परिवार के साथ सुरक्षित रहना होगा साथ ही लॉक डाउन के दौरान दिए गए दिशा निर्देशों का अनुपालन करना होगा तभी जामताड़ा जिला पूरी तरह से कोविड-19 के प्रभाव से मुक्त हो सकता है।
उपायुक्त जामताड़ा ने बताया कि हाल के दिनों में इन क्षेत्रों में कराए गए सभी सैंपल जांच नेगेटिव आ रहे हैं। इससे स्पष्ट हो रहा है कि इन क्षेत्रों में COVID-19 का संक्रमण काफी हद तक रुक गया है। कुल मिलाकर देखें तो वर्तमान समय में जामताड़ा जिला पूरी तरह से Covid-19 के संक्रमण से मुक्त है। लेकिन यह कहना जल्दबाजी होगा कि जामताड़ा जिला पूर्ण मुक्त हो गया है।
आने वाले दिनों में चुनौतियां और बढ़ने वाली है। क्योंकि बड़ी संख्या में प्रवासी मजदूर जिले में प्रवेश कर रहे हैं जो कि देश के अन्य राज्यों से आ रही है। जहां कोरोना संक्रमण का स्तर काफी ऊंचा है जैसे कि महाराष्ट्र, गुजरात, दिल्ली यादि। जिला प्रशासन द्वारा प्रवासी मजदूरों को सकुशल घर पहुंचाया जा रहा है। जहां वे होम कोरोनाटाइन में रहेंगे।
जिला वासियों को लगातार सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन करना होगा तभी COVID-19 के संक्रमण से पूरा जिला पूरी तरह मुक्त हो सकता है।
*उपायुक्त जामताड़ा श्री गणेश कुमार (भा.प्र.से.) के द्वारा अस्पताल के सभी डॉक्टर, प्रबंधन, सफाई कर्मी, मीडिया कर्मियों एवं अन्य के कार्यों की सराहना की गई।*
मौके पर माननीय विधायक डॉ इरफान अंसारी, उप विकास आयुक्त श्री नागेंद्र कुमार सिन्हा, अपर समाहर्ता श्री सुरेंद्र कुमार, सिविल सर्जन डॉ आशा एक्का, महामारी विशेषज्ञ श्री अजीत कुमार दुबे, डॉ दुर्गेश झा सहित सभी संबंधित स्वास्थ्य कर्मी/ पदाधिकारी एवं अन्य उपस्थित थे।

