निजाम खान
*पूर्वी सिंहभूम आने वाले प्रवासियों का लोयोला स्कूल में लिया गया स्वाब का सैंपल*
*उपायुक्त एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने लोयोला स्कूल में व्यवस्थाओं का लिया जायजा, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश*
कोरोना वायरस (COVID-19) के संक्रमण रोकथाम के मद्देनजर घोषित लॉक डाउन में देश के विभिन्न हिस्सों से प्रवासी अपने घर लौट रहे हैं। इसी क्रम में पूर्वी सिंहभूम के प्रवासियों को राज्य के दूसरे जिले में ट्रेन से पहुंचने के उपरांत बस से जमशेदपुर लाया जा रहा है जहां सभी के स्वाब का सैंपल लोयोला स्कूल में जांच के लिए लिया जा रहा है। तमिलनाडु से ट्रेन से टाटानगर पहुंचे पूर्वी सिंहभूम के श्रमिकों एवं बस से दूसरे जिलों से लाए गए प्रवासियों का आज लोयोला स्कूल में मेडिकल थर्मल स्क्रीनिंग कर स्वास्थ्य जांच कराई गयी वहीं अन्य शहरों से भी प्राइवेट वाहन से शहर पहुंचने वाले लोगों का मेडिकल थर्मल स्क्रीनिंग कराया गया। उपायुक्त श्री रविशंकर शुक्ला एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री एम तमिल वाणन ने लोयोला स्कूल में व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा मेडिकल टीम एवं प्रतिनियुक्त अन्य कर्मियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। मेडिकल टीम को अपनी सुरक्षा का ध्यान रखते हुए चिकित्सा जांच की सलाह दी गई वहीं प्रतिनियुक्त पुलिस बल को भी अपनी सुरक्षा का ध्यान रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने हेतु निदेशित किया गया।
मौके पर प्रतिनियुक्त सर्विलांस टीम के सदस्यों द्वारा सभी आगंतुकों की लिस्टिग की गई। सभी का नाम, पता, ट्रेवल हिस्ट्री, मेडिकल हिस्ट्री, फोन नंबर दर्ज किया गया है। साथ ही सभी को क्वारंटाइन में रहने के दौरान क्या सावधानियां बरतनी है इसकी भी जानकारी दी गई। अपर जिला दंडाधिकारी(विधि व्यवस्था) श्री नंदकिशोर लाल एवं अंचल अधिकारी-मानगो श्रीमति कामिनी कौशल लकड़ा की देखरेख में प्रतिदिन प्रवासियों के मेडिकल थर्मल स्क्रीनिंग का कार्य किया जा रहा है।

