निजाम खान
*तमिलनाडु से आए लगभग 1485 प्रवासी श्रमिक*
*स्टेशन परिसर में की गई थर्मल स्क्रीनिंग, सोशल डिस्टेंसिंग का रखा गया विशेष ध्यान*
*सभी के लिए स्टेशन परिसर में ही फूड पैकेट व पेयजल की थी व्यवस्था*
*उपायुक्त एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने स्टेशन परिसर में व्यवस्थाओं पर रखी नजर*
*ट्रेन के आगमन पूर्व ‘हम होंगे कामयाब एक दिन’…. से गूंजा स्टेशन परिसर*
झारखण्ड सरकार द्वारा देश के विभिन्न हिस्सों से श्रमिकों एवं अन्य जरूरतमंद प्रवासियों को वापस अपने राज्य लाया जा रहा है। इसी क्रम में लॉक डाउन के दौरान तमिलनाडु में फंसे झारखण्ड के विभिन्न जिलों के लगभग 1485 श्रमिक आज शाम श्रमिक स्पेशल ट्रेन से टाटानगर स्टेशन पहुंचे। ट्रेन के आगमन पूर्व स्टेशन परिसर में रेलवे डिफेंस एवं पुलिस जवानों ने ‘हम होंगे कामयाब’… गीत गाकर लोगों में जोश भर दिया।
यहां आने वाले सभी मजदूरों को ट्रेन से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए उतारा गया एवं स्टेशन परिसर में स्वास्थ्य परीक्षण हेतु बने काउंटर में उनका थर्मल स्कैनिंग व स्वास्थ्य जांच संबंधी अन्य सभी प्रक्रिया पूरी की गई। उपायुक्त श्री रविशंकर शुक्ला एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री एम तमिल वाणन श्रमिक स्पेशल ट्रेन के आगमन के पूर्व ही स्टेशन परिसर पहुंच गये थे। स्टेशन परिसर में व्यवस्थाओं के निरीक्षण के पश्चात उपायुक्त ने प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये। श्रमिकों में पलामू, गढ़वा, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, हजारीबाग, रांची, बोकारो, पूर्वी सिंहभूम, चतरा –
देवघर, धनबाद, गुमला, दुमका, साहेबगंज, सरायकेला, लातेहार, लोहरदगा, रामगढ़, जामताड़ा, गोड्डा, गिरिडीह के लोग शामिल थे।
ट्रेन से आये पूर्वी सिंहभूम जिले के श्रमिकों को लोयोला स्कूल ले जाकर सभी के स्वाब का सैंपल लिया जायेगा तत्पश्चात संस्थागत क्वारंटाइन में रखते हुए चिकित्सीय जांच कर होम क्वारंटाइन में भेजा जाएगा। यहां आने वाले सभी मजदूरों एवं यहां के लोगों के स्वास्थ्य सुरक्षा के दृष्टिकोण से जिला प्रशासन द्वारा सभी एहतियाती कदम उठाये गए हैं। सुरक्षा के दृष्टिकोण से सभी श्रमिकों को उनके गंतव्य स्थान तक भेजने हेतु प्रयोग किये जाने वाले बसों को पूर्णतः सेनेटाइजड कर सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखा गया।
*रेलवे स्टेशन परिसर को श्रमिकों के आगमन पूर्व ही किया गया था सैनिटाइज*
श्रमिकों के आगमन को लेकर रेलवे स्टेशन परिसर को पूर्ण रूप से सैनेटाइजड किया गया था एवं सोशल डिस्टेंसिंग के पालन हेतु वैरिकेडिंग कर जगह-जगह पर गोल घेरा का निर्माण कराया गया था। स्टेशन परिसर में व्हील चेयर एवं एंबुलेंस की व्यवस्था थी। इसके अलावा विधि-व्यवस्था के संधारण हेतु स्टेशन परिसर में पर्याप्त संख्या में दण्डाधिकारी एवं सुरक्षाकर्मियों की प्रतिनियुक्ति थी।
*स्टेशन परिसर में बनाया गया हेल्प डेस्क*
श्रमिकों को अपने गृह जिला के बस तक पहुंचने में कठिनाई ना हो इस उद्देश्य से स्टेशन परिसर में हेल्प डेस्क कार्यरत किया गया था। रेलवे के सिविल डिफेंस वॉलंटियर के सहयोग से श्रमिकों को व्यवस्थित तरीके से उन्हे सम्बंधित जिला के बस तक पहुंचाया गया। बस में भी सभी श्रमिकों के बीच सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन कराया गया।
मौके पर एआरएम, नगर पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम, जिला परिवहन पदाधिकारी, अंचलाधिकारी जमशेदपुर सदर, जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी जुगसलाई नगर परिषद, पुलिस उपाधीक्षक (विधि व्यवस्था) तथा दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं रेलवे के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
https://youtu.be/XtPgFBieYuk

