जाम के दौरान दो पिकअप के बीच फंसी बाइक, युवक घायल
राष्ट्र संवाद/ रोसड़ा,समस्तीपुर
रोसड़ा नगर परिषद क्षेत्र के महादेव मठ के समीप मुख्य सड़क पर शनिवार को जाम के दौरान सड़क हादसा हो गया। पीछे से आ रही एक पिकअप वाहन ने बाइक में जोरदार ठोकर मार दी। हादसे में बाइक दो पिकअप वाहनों के बीच फंसकर क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि बाइक सवार युवक घायल हो गया। घायल युवक को स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महादेव मठ के समीप मुख्य सड़क पर जाम की स्थिति बनी हुई थी। इस दौरान एक पिकअप वाहन सड़क पर आगे खड़ा था। उसके पीछे बाइक सवार युवक अपनी बाइक लेकर रुका हुआ था। तभी पीछे से तेज गति में आ रही दूसरी पिकअप ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक आगे खड़े पिकअप और पीछे से ठोकर मारने वाले वाहन के बीच फंस गई। इससे बाइक को काफी नुकसान पहुंचा और उस पर सवार युवक चोटिल हो गया। हादसे की सूचना मिलने पर रोसड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जानकारी जुटाते हुए मामले की जांच में जुट गई।

