राष्ट्र संवाद संवाददाता
पत्रकार श्री अभिषेक भारती की कथित फर्जी प्राथमिकी के आधार पर गिरफ्तारी एवं जेल भेजे जाने के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा, जमशेदपुर महानगर के नेतृत्व में उपायुक्त, पूर्वी सिंहभूम के माध्यम से राज्य सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान पत्रकारिता की स्वतंत्रता, अभिव्यक्ति की आजादी और लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की सुरक्षा का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय जनता युवा मोर्चा, जमशेदपुर महानगर के जिलाध्यक्ष नीतिश कुशवाहा ने की। कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष सुमित श्रीवास्तव ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन जिला मंत्री प्रकाश दुबे ने किया।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा, भाजयुमो प्रदेश मंत्री अमित अग्रवाल, जिला प्रभारी शैलेश गुप्ता एवं प्रदेश कार्यालय मंत्री प्रदीप मुखर्जी ने अपने विचार रखते हुए राज्य सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए और पत्रकार अभिषेक भारती के मामले में निष्पक्ष जाँच की मांग की।
भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि झारखंड में अब अघोषित आपातकाल जैसी स्थिति लागू हो गई है, जहाँ लोकतंत्र के चौथे स्तंभ कहे जाने वाले पत्रकारों पर इस तरह के हमले हो रहे हैं और उनकी आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। जिस राज्य में सच दिखाने और जनता तक सच्चाई पहुँचाने वाले पत्रकार ही सुरक्षित नहीं हैं, वहाँ लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की स्थिति का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है। सरकार को समझना होगा कि पत्रकारों की आवाज दबाकर जनता की आवाज नहीं दबाई जा सकती।
वक्ताओं ने कहा कि एक ओर दुष्कर्म जैसे गंभीर मामलों में न्याय की अपेक्षा की जाती है, वहीं दूसरी ओर ऐसे संवेदनशील मामले से जुड़ी खबर को सामने लाने वाले पत्रकार को ही जेल भेज दिया जाता है। यह स्थिति लोकतांत्रिक मूल्यों, निष्पक्ष पत्रकारिता और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
कार्यक्रम के माध्यम से जिला प्रशासन से मांग की गई कि पत्रकार अभिषेक भारती के मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जाँच कराई जाए, उन्हें न्याय दिलाने के लिए आवश्यक कानूनी पहल की जाए तथा पत्रकारों की स्वतंत्रता एवं सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। साथ ही पत्रकारों पर दबाव बनाने और उनकी आवाज दबाने के किसी भी प्रयास पर रोक लगाने की मांग की गई।
भारतीय जनता युवा मोर्चा, जमशेदपुर महानगर के कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में कहा कि पत्रकारिता की स्वतंत्रता पर किसी भी प्रकार का हमला लोकतांत्रिक व्यवस्था पर हमला है। सच को सामने लाना और सत्ता से सवाल पूछना पत्रकारिता का मूल दायित्व है, इसे किसी भी कीमत पर दबाया नहीं जाना चाहिए।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित राजीव सिंह, शशांक शेखर,चिंटू सिंह , चंदन चौबे, शांतम सिंह, हरिकिशोर तिवारी, धर्मेंद्र प्रसाद, सतबीर सिंह,अभिषेक श्रीवास्तव,राकेश कुमार, महिला मोर्चा अध्यक्ष नीलू मछुआ, भाजपा कदमा मंडल अध्यक्ष उपेंद्र गिरि, सोनारी मंडल अध्यक्ष प्रशांत पोद्दार, उलीडीह मंडल महामंत्री अनिमेष सिन्हा, राहुल कुमार, सुशील पांडे, गौरव साहू एवं सुधीर तिवारी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे。

