अर्जुन मुंडा की दिवंगत मां को सीएम हेमंत सोरेन और पूर्व सीएम रघुवर दास ने दी श्रद्धांजलि
हेमंत सोरेन बोले- राजनीति के साथ सामाजिक और व्यक्तिगत संबंध भी चलते हैं
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी पत्नी कल्पना सोरेन के साथ हवाई मार्ग से जमशेदपुर के घोड़ाबांधा पहुंचे। यहां उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा के आवास पर उनकी दिवंगत मां सायरा मुंडा की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भी अर्जुन मुंडा के आवास पहुंचकर सायरा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित की।
पूर्वी सिंहभूम के झामुमो विधायकों ने भी दिवंगत सायरा मुंडा को श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर संवेदना जताई।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि राजनीति के साथ सामाजिक और व्यक्तिगत संबंध भी साथ चलते हैं। इसी भावना से वे माता सायरा मुंडा को श्रद्धांजलि देने पहुंचे हैं। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
संसद के विशेष सत्र पर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के कामकाज और चीजों को आगे बढ़ाने के संवैधानिक तरीके होते हैं। विशेष सत्र में बहस होगी और उसके बाद सामने आने वाली बातों पर वे अपनी प्रतिक्रिया देंगे।
गौरतलब है कि सायरा मुंडा का 23 नवंबर को 93 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। वे पिछले कई दिनों से बीमार थीं और टाटा मोटर्स अस्पताल में इलाजरत थीं। इलाज के दौरान रात 1 बजकर 40 मिनट पर उन्होंने अंतिम सांस ली।