सीएफई में आज से सजेगा शॉर्ट्स 2026, इंडो-फ्रेंच फिल्म ‘डिस्टेंसेस’ से होगा आगाज
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। शहर का वार्षिक लघु फिल्म महोत्सव ‘शॉर्ट्स 2026’ शनिवार से सेंटर फॉर एक्सीलेंस (सीएफई) में शुरू होगा। 28 और 29 नवंबर को आयोजित 19वें संस्करण में दोनों दिन शाम पांच बजे से फिल्मों की स्क्रीनिंग होगी। महोत्सव की शुरुआत इंडो-फ्रेंच फिल्म ‘डिस्टेंसेस’ से होगी, जिसका निर्देशन राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अशोक विश्वनाथन ने किया है। फिल्म में रितुपर्णा सेनगुप्ता मुख्य भूमिका में हैं।
दो दिवसीय महोत्सव में जमशेदपुर, मुंबई, कोलकाता और पुणे की कुल 16 फिक्शन एवं डॉक्यूमेंट्री फिल्में प्रदर्शित होंगी। इनमें हिंदी, अंग्रेजी, बंगाली, संताली और दो मूक फिल्में शामिल हैं।
जमशेदपुर की चयनित फिल्मों में ‘गाछ बाबा’, ‘दृष्टि’, ‘आसान पैसा’, ‘एक और’, ‘मायापुर-प्रभु मिलन का द्वार’ और ‘नशा से नशा तक’ शामिल हैं। महोत्सव का आयोजन एसपीपीई जमशेदपुर और टेक 5 कम्युनिकेशंस कोलकाता द्वारा टाटा स्टील के सहयोग से किया जा रहा है।

