राष्ट्र संवाद/बखरी (बेगूसराय)। केशो मेमोरियल एजुकेशनल फाउंडेशन द्वारा संचालित स्थानीय सेंट पॉल मॉडर्न स्कूल, बखरी में संविधान दिवस बड़े ही उत्साह और गरिमामय माहौल में मनाया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय परिसर में आयोजित विशेष प्रार्थना सभा के साथ हुई। इसके बाद स्कूल निदेशक दानेश्वर यादव, प्राचार्य किशोर किंकर तथा सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर समारोह का विधिवत उद्घाटन किया। स्कूल निदेशक दानेश्वर यादव ने संविधान सभा की प्रारूप समिति के अध्यक्ष डॉ. भीमराव आंबेडकर एवं संविधान सभा के अध्यक्ष सहित सभी सदस्यों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने संविधान में निहित अधिकारों और कर्तव्यों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए छात्र-छात्राओं से अपील की कि वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के साथ-साथ अपने नागरिक कर्तव्यों का भी ईमानदारी से पालन करें।
कार्यक्रम के दौरान छात्रा आस्था कुमारी, जयश्री, सत्यम राज एवं अनुकृष्णा यादव ने विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं और कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ कराया। इसके बाद नंदिनी कुमारी, कल्पना कुमारी, अदिति राठौर, शुभम कुमार, आस्था बजाज, दीपाली कुमारी, दिव्यानी कुमारी और सार्थक कुमार ने संविधान के मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों से जुड़े विभिन्न अनुच्छेदों पर अपने विचार रखे। वहीं छवि प्रिया, स्नेहा राज और अंजनी कुमारी के ओजस्वी भाषणों ने खूब तालियां बटोरीं।
इस अवसर पर विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन हेतु इंटर-हाउस क्विज प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। रोमांचक मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए राजेंद्र हाउस ने विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि रमन हाउस और टेरेसा हाउस संयुक्त रूप से उपविजेता घोषित किए गए। क्विज सत्र का सफल संचालन आकाश चंद्र महतो ने किया, वहीं पूरे कार्यक्रम का मंच संचालन स्कूल मैनेजर राजेश कुमार ने किया। कार्यक्रम की सफलता में शिक्षक अभिषेक कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
समारोह में मैनेजिंग डायरेक्टर आशुतोष राज, प्रो. बी. पी. चौरसिया, गणेश कुमार, सुनील कुमार, गीतांजलि राय सहित विद्यालय के अन्य कर्मी मौजूद रहे।

