पंचायत कर्मियों की हाजिरी अब मोबाइल एप से होगी।
ग्राम कचहरी का बजट छह गुना बढ़ा:सचिवों ने कहा- मानदेय भी दोगुना हो
राष्ट्र संवाद/छौड़ाही
पंचायतों में सरकारी कामकाज की निगरानी अब और सख्त होने जा रही है।बायोमेट्रिक मशीन से ऑनलाइन हाजिरी की व्यवस्था शुरू होने के बाद नई व्यवस्था के तहत कर्मियों की हाजिरी के साथ उनकी लोकेशन की भी जियो टैगिंग होगी।इसके लिए विभाग ने सभी जिलों से पंचायत स्तर पर कार्यरत कर्मियों की पूरी जानकारी मांगी है।पंचायती राज विभाग के विशेष कार्य पदाधिकारी अखिलेश कुमार सिंह ने इस संबंध में सभी जिला पंचायत राज पदाधिकारियों को पत्र जारी किया है।
विभाग ने इसके लिए गूगल ड्राइव शीट भी तैयार की है।नई व्यवस्था के दायरे में पंचायत सचिव,तकनीकी सहायक, ऑडिटर,लेखापाल सह आईटी सहायक,कार्यपालक सहायक, डाटा एंट्री ऑपरेटर,ग्राम कचहरी सचिव और न्यायमित्र आएंगे। सरकार का उद्देश्य पंचायत कार्यालयों में निर्धारित समय सुबह 10 से शाम पांच बजे तक कर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ योजनाओं के क्रियान्वयन में जवाबदेही बढ़ाना है।
प्रशासनिक खर्च छह गुना,ग्राम कचहरी सचिवों को मानदेय बढ़ने की उम्मीद।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में ग्राम कचहरी की वार्षिक प्रशासनिक राशि चार हजार से बढ़ाकर 24 हजार रुपये करने की मंजूरी दी गई है।यह व्यवस्था एक अप्रैल 2027 से लागू होगी।इससे ग्राम कचहरियों को स्टेशनरी,रजिस्टर और अन्य जरूरी प्रशासनिक कार्यों में आर्थिक सहूलियत मिलेगी।हालांकि ग्राम कचहरी सचिवों का कहना है कि प्रशासनिक राशि में बढ़ोतरी स्वागतयोग्य है,लेकिन इससे उनकी व्यक्तिगत आर्थिक परेशानी दूर नहीं होगी।
कई सचिवों और न्यायमित्रों का पदस्थापन उनके घर से काफी दूर है।वर्तमान में ग्राम कचहरी सचिवों को करीब नौ हजार रुपये मानदेय और न्यायमित्रों को सात हजार रुपये फीस के रूप में मिलती है। ऐसे में नियमित कार्यालय पहुंचने और यात्रा खर्च उठाने में परेशानी होती है।ग्राम कचहरी संघ चौड़ा ही के अध्यक्ष रामचंद्र राय,संगठन के सचिव संतोष कुमार ठाकुर,नारायणपीपड़ के सचिव मुकेश कुमार,परोड़ा के रामनंदन यादव,सिंहमा की मणिमाला मिश्रा,सहुरी की नीलम कुमारी,अमारी की हीरा कुमारी, ऐजनी की कुमारी नुतन और एकंबा की रीता कुमारी के साथ न्यायमित्र उषा कुमारी सिन्हा एवं अनमोल कुमार ने मुख्यमंत्री से मानदेय में वृद्धि की मांग की है।कर्मियों का कहना है कि प्रशासनिक राशि छह गुना बढ़ाई गई है तो सचिवों के मानदेय में भी कम से कम दोगुनी वृद्धि होनी चाहिए।यदि तत्काल मानदेय बढ़ाना संभव नहीं हो तो दूरस्थ पंचायतों में पदस्थापित कर्मियों के लिए यात्रा भत्ता निर्धारित किया जाए।इससे ऑनलाइन उपस्थिति की नई व्यवस्था का पालन करने में भी उन्हें सुविधा होगी।
