बिहार एसोसिएशन के शताब्दी समारोह में पहुंचे ‘पंचायत’ के अभिनेता अशोक पाठक, साझा किया संघर्ष और गांव से जुड़ाव का सफर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। बिहार एसोसिएशन की ओर से बुधवार शाम राजेंद्र विद्यालय ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में ‘पंचायत’ वेब सीरीज के अभिनेता अशोक पाठक (विनोद) शामिल हुए। उन्होंने अपने जीवन के संघर्ष, फिल्मी सफर और गांव से जुड़ी यादें साझा कीं।
अशोक पाठक ने कहा कि हमारी जड़ें ही हमें जिंदा रखती हैं। बिहारी जहां भी जाते हैं, अपनी संस्कृति और संस्कार साथ लेकर चलते हैं। उन्होंने बताया कि काम की कमी के दौर में पंजाबी फिल्मों ने उनके परिवार को सहारा दिया। ‘पंचायत’ के चर्चित संवाद ‘गरीब हैं, गद्दार नाहीं’ को उन्होंने ग्रामीण ईमानदारी का प्रतीक बताया।
मुख्य अतिथि आरएसबी ग्रुप के वाइस चेयरमैन एसके बेहरा ने जमशेदपुर के लोगों को ‘रियल इंडियंस’ बताते हुए शहर की सांस्कृतिक विरासत की सराहना की। वहीं, टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी ने कहा कि सफलता के पीछे लंबा संघर्ष होता है, कोई भी व्यक्ति रातोंरात सफल नहीं बनता।
कार्यक्रम की शुरुआत एसके बेहरा, संजीव चौधरी, बिहार एसोसिएशन के अध्यक्ष बीएन चौधरी और उपाध्यक्ष डॉ. एसके सिंह ने दीप प्रज्वलित कर की। इस दौरान एसोसिएशन के शैक्षणिक संस्थानों और शताब्दी समारोह के आगामी कार्यक्रमों की जानकारी भी दी गई।

