पंडित गोपाल कृष्ण ठाकुर ने कराया ध्वजारोहण
राष्ट्र संवाद/ खोदावंदपुर (बेगूसराय)। मेघौल पंचायत के बिदुलिया गांव में आगामी 21 मई 2027 से आयोजित होने वाले महाविष्णु यज्ञ को लेकर 24 नवंबर को ध्वजारोहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस अवसर पर पंडित गोपाल कृष्ण ठाकुर ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ ध्वजारोहण कर महायज्ञ के आयोजन का शुभारंभ कराया.महाविष्णु यज्ञ के आयोजन को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखा जा रहा है. यज्ञ को सफल बनाने के लिए पंचायत के लोगों द्वारा सामूहिक रूप से तैयारियां शुरू कर दी गयी है. आयोजन की तैयारी में ग्रामीणों के साथ-साथ पंचायत के प्रबुद्धजन, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े लोग भी बढ़-चढ़कर सहयोग कर रहे हैं.
इसकी जानकारी देते हुए मेघौल पंचायत के मुखिया पुरुषोत्तम सिंह ने बताया कि आगामी 21 मई 2027 से बिदुलिया गांव में महाविष्णु यज्ञ का भव्य आयोजन किया जायेगा. इसको लेकर ध्वजारोहण के साथ धार्मिक अनुष्ठान की शुरुआत कर दी गयी है. उन्होंने कहा कि पूरे मेघौल पंचायत के लोगों के सहयोग से महायज्ञ की तैयारी युद्ध स्तर पर चल रही है.

