न्यायिक सेवाओं को सुलभ बनाने हेतु ई -सेवा मोबाइल वैन को किया रवाना
राष्ट्र संवाद/ बेगूसराय
आम लोगों तक निःशुल्क विधिक एवं न्यायिक सेवाओं को सुलभ बनाने के उद्देश्य से बुधवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार, बेगूसराय के एडीआर भवन परिसर से ई-सेवा मोबाइल वैन रवाना की गई। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री ऋषिकांत ने हरी झंडी दिखाकर मोबाइल वैन को रवाना किया।
इस ई-सेवा मोबाइल वैन का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करना तथा आम नागरिकों को इन योजनाओं के प्रति जागरूक करना है। इसके माध्यम से लोगों को ई-सेवा केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं एवं उनकी कार्यप्रणाली की जानकारी दी जाएगी। साथ ही, ई-सेवा केंद्रों से संबंधित कार्यों में आम लोगों को आवश्यक सहयोग भी उपलब्ध कराया जाएगा।
इस मोबाइल वैन में ऑनलाइन गवाही की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी, जिससे संबंधित न्यायिक प्रक्रिया को सुगम बनाने में मदद मिलेगी। इसके अतिरिक्त, आगामी 12 दिसंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के संबंध में भी गांव-गांव जाकर लोगों को विस्तृत जानकारी दी जाएगी। लोगों को राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से अपने सुलहनीय मामलों का आपसी सहमति एवं समझौते के आधार पर त्वरित निष्पादन कराने के प्रति जागरूक किया जाएगा।
इस अवसर पर जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम श्री संजय कुमार, श्री रविशंकर कुमार, श्री मुकुंद कुमार, श्री वेद प्रकाश मोदी, श्री गौरव आनंद, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी श्रीमती कविता कुमारी, एसीजेएम श्री विवेक चंद्र वर्मा, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव श्री करुणानिधि प्रसाद आर्य, एसीजेएम श्री रंजन कुमार सहित अन्य न्यायिक पदाधिकारी उपस्थित थे।

