नारायणपुर में बाल मेला का आयोजन, बच्चों की रचनात्मकता ने मोहा मन
राष्ट्र संवाद/खोदावंदपुर (बेगूसराय)
खोदावंदपुर प्रखंडसीडी फोर्ट पब्लिक स्कूल में मंगलवार को बाल मेला का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया. इसके बाद विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों का मन मोह लिया. बाल मेले में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने आकर्षक नृत्य, फैंसी ड्रेस और कविता पाठ के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया. वहीं विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया. पुरस्कार पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे और उपस्थित लोगों ने तालियों से उनका उत्साहवर्धन किया. मेले का मुख्य आकर्षण बच्चों द्वारा लगाये गये आर्ट एण्ड क्राफ्ट स्टॉल रहे. बच्चों ने अपनी रचनात्मकता और हुनर का परिचय देते हुए आकर्षक कलाकृतियां तैयार की थी. इनमें मधुबनी पेंटिंग लोगों के विशेष आकर्षण का केंद्र रही. इसके अलावा वेस्ट मटेरियल से तैयार सूरजमुखी के फूल, सजावटी सामान, चाबी रिंग और फोटो फ्रेम सहित कई उपयोगी वस्तुओं की लोगों ने खूब सराहना की. अभिभावकों ने बच्चों द्वारा बनाई गई इन वस्तुओं की खरीदारी भी की.
वहीं बाल मेले में गोलगप्पे, चाट, पापड़ी और पकौड़ी के स्टॉल भी लगाए गए थे, जहां बच्चों और अभिभावकों ने लजीज व्यंजनों का आनंद लिया.

