राष्ट्र संवाद/बखरी (बेगूसराय)।* बखरी पुलिस ने मिट्टी लदे ट्रैक्टर से 670 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस को देखते ही चालक ट्रैक्टर लेकर भागने लगा। इसी दौरान ट्रैक्टर का डाला अनियंत्रित होकर पलट गया। मौके का फायदा उठाकर चालक फरार हो गया।
थानाध्यक्ष अरविंद कुमार यादव ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि मिट्टी लदे ट्रैक्टर से शराब की तस्करी की जा रही है। सूचना पर पुलिस ने संदिग्ध ट्रैक्टर का पीछा किया। पुलिस को आते देख चालक ने ट्रैक्टर भगा दिया। भागने के दौरान ट्रैक्टर का डाला पलट गया।
पुलिस ने ट्रैक्टर की तलाशी ली तो डाले में मिट्टी के नीचे छिपाकर रखे गए Officer’s Choice Blue Whisky के 75 कार्टून बरामद हुए। बरामद शराब की कुल मात्रा करीब 670 लीटर बताई जा रही है।
पुलिस ने शराब के साथ ट्रैक्टर को भी जब्त कर लिया है। फरार चालक की पहचान के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चालक और शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

