नवाचारी शिक्षक राकेश कुमार को मिला अंतरराष्ट्रीय शिक्षक गौरव सम्मान
राष्ट्र संवाद/रोसड़ा | समस्तीपुर
समस्तीपुर जिले के रोसड़ा नगर परिषद क्षेत्र स्थित प्राथमिक विद्यालय लक्ष्मीपुर के शिक्षक राकेश कुमार को शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार और बेहतर शिक्षण पद्धति अपनाने के लिए अंतरराष्ट्रीय शिक्षक गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया। नेपाल के जनकपुर में आयोजित समारोह में मधेश प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष राम आशीष यादव ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया। इस अवसर पर भारत और नेपाल के शिक्षाविद, गणमान्य व्यक्ति एवं विभिन्न क्षेत्रों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
शिक्षक राकेश कुमार बच्चों को सरल, सहज और रोचक तरीके से शिक्षा देने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने पारंपरिक शिक्षण पद्धति से आगे बढ़कर खेल-खेल में पढ़ाई, कबाड़ से उपयोगी शिक्षण सामग्री तैयार करने तथा डिजिटल टूल्स के माध्यम से बच्चों को शिक्षा से जोड़ने की पहल की है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद राकेश कुमार ने कहा कि यह उपलब्धि उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में और अधिक जिम्मेदारी के साथ काम करने की प्रेरणा देगी। उनका उद्देश्य प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण और व्यावहारिक शिक्षा पहुंचाना है।
इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधान शिक्षक जितेंद्र कुमार यादव, वरीय शिक्षक महामाया चौधरी, गणेश पोद्दार, जायदा प्रवीण, पंकज कुमार, प्रवीण कुमार मिश्रा, श्रवण कुमार एवं आनंद कुमार सहित क्षेत्र के लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी

