स्व शिव शंकर यादव की श्रद्धांजलि सभा आयोजित।
राष्ट्रसंवाद/बीहट
गड़हरा में राष्ट्रीय जनता दल के वरीय नगर उपाध्यक्ष रहे स्वर्गीय शिव शंकर यादव की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। श्रद्धांजलि सभा की अध्यक्षता बीहट नगर परिषद राजद अध्यक्ष, पूर्व मुखिया सह नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष श्री धर्मेंद्र सिंह ने की।
सभा को संबोधित करते हुए राजद के जिला अध्यक्ष मोहित यादव ने कहा कि “शिव शंकर यादव जैसे समर्पित और कर्मठ कार्यकर्ता किसी भी संगठन की मूल शक्ति होते हैं। ऐसे मजबूत और निष्ठावान कार्यकर्ताओं की मजबूत नींव पर ही संगठन की सुदृढ़ इमारत खड़ी होती है।” उन्होंने कहा कि स्वर्गीय शिव शंकर यादव जी का संगठन के प्रति समर्पण, निष्ठा और सक्रियता सदैव याद की जाएगी।
श्रद्धांजलि सभा को राजद के नगर उपाध्यक्ष एवं बीहट नगर परिषद के पार्षद मोहम्मद सरफराज, राजद बरौनी के प्रधान महासचिव कर्मशील कुमार, नगर उपाध्यक्ष राजन चौधरी, अनिकेत कुमार, राजनीति यादव, छात्र नेता राहुल, ओम जी, दिनेश यादव तथा कॉमरेड मनोज जी सहित अन्य लोगों ने संबोधित किया।
सभा का संचालन करते हुए रामानंद प्रसाद ‘कवि’ जी ने भावपूर्ण शब्दों में स्वर्गीय शिव शंकर यादव को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि शिव शंकर यादव जी का राष्ट्रीय जनता दल और लालू प्रसाद यादव जी के प्रति गहरा लगाव और अटूट समर्पण था। वे संगठन के लिए सदैव तत्पर रहते थे। रात के बारह बजे भी यदि कोई साथी उन्हें लालू जी या संगठन से जुड़े किसी कार्य के लिए पुकारता, तो वे बिना देर किए यथासंभव वहाँ पहुँच जाते थे।
उन्होंने भावुक होकर कहा कि “दल के लिए वे समर्पित थे और दिलदार साथियों के लिए हमेशा दिलदार रहे। उनकी कमी लंबे समय तक महसूस होती रहेगी। उनके जाने से संगठन ने एक समर्पित साथी खो दिया है। अब हमें उनकी अनुपस्थिति को स्वीकार करते हुए, उनके विचारों, उनकी निष्ठा और उनके समर्पण को अपने भीतर जीवित रखते हुए संगठन को आगे बढ़ाना होगा।”
उन्होंने आगे कहा कि शिव शंकर यादव जी का व्यक्तित्व केवल एक राजनीतिक कार्यकर्ता तक सीमित नहीं था, बल्कि वे अपने साथियों के सुख-दुःख में सदैव खड़े रहने वाले संवेदनशील और सहयोगी व्यक्ति थे। उनके जाने से उत्पन्न रिक्तता को भर पाना कठिन है, लेकिन उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी। उपस्थित सभी लोगों ने स्वर्गीय शिव शंकर यादव जी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की。

