मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन तक बीएलओ शिक्षकों के तबादले पर रोक
राष्ट्रसंवाद/बखरी-बेगूसराय
मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 को लेकर जिला शिक्षा पदाधिकारी ने अहम आदेश जारी किया है। निर्वाचक सूची के अंतिम प्रकाशन तक बीएलओ सुपरवाइजर, मतदान केंद्र स्तरीय पदाधिकारी एवं पुनरीक्षण कार्य में लगे शिक्षकों के पदस्थापन व स्थानांतरण पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा।
जिला शिक्षा पदाधिकारी के कार्यालय आदेश के अनुसार भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर अर्हता तिथि 01.01.2027 के आधार पर निर्वाचक सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का प्रारूप प्रकाशन 12.11.2026 को किया गया है।
आदेश में कहा गया है कि 13.11.2026 को जिले में प्रकाशित पारस्परिक स्थानांतरण एवं समायोजन / समानुपातीकरण की अंतिम सूची में सम्मिलित सभी वैसे शिक्षक जो बीएलओ सुपरवाइजर, मतदान केंद्र स्तरीय पदाधिकारी या उक्त प्रक्रिया में किसी भी रूप में संलग्न हैं, वे निर्वाचक सूची के अंतिम प्रकाशन तक अपने पूर्व के विद्यालय में ही यथावत बने रहेंगे।
जिला शिक्षा पदाधिकारी ने आदेश का दृढ़ता से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता को गंभीरता से लिए जाने की बात कही गई है। इस आदेश को जिला पदाधिकारी बेगूसराय का अनुमोदन प्राप्त है।
