
गोपाष्टमी मेले में अफसर की बाइक गायब, मेला परिसर में मचा हड़कंप
राष्ट्र संवाद/बखरी-बेगूसराय
श्रीकृष्ण गोशाला परिसर में चल रहे दो दिवसीय गोपाष्टमी मेले में बुधवार की शाम चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई। मेले में घूमने आए पशुपालन पदाधिकारी डॉ. रुस्तम रौशन की बाइक अज्ञात चोरों ने उड़ा ली।
जानकारी के अनुसार डॉ. रौशन शाम करीब साढ़े चार बजे मेला देखने पहुंचे थे। उन्होंने अपनी नीले रंग की ग्लैमर बाइक संख्या बीआर-34 क्यू-0199 को गोशाला कार्यालय के सामने खड़ा किया और दंगल देखने चले गए। कुछ देर बाद लौटे तो बाइक वहां नहीं थी।
उन्होंने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन बाइक का पता नहीं चला। घटना के बाद मेले में अपने निजी वाहन से आए लोगों में दहशत का माहौल बन गया। लोग अपने-अपने वाहनों की सुरक्षा को लेकर चिंतित दिखे।
पशुपालन पदाधिकारी ने घटना की लिखित सूचना बखरी थाना को दी है। थानाध्यक्ष अरविन्द कुमार यादव ने बताया कि सूचना मिलते ही जांच शुरू कर दी गई है। मेले और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है।
