
सिदगोड़ा सूर्य मंदिर परिसर में छठ महोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने लिया तैयारियों का जायजा, व्रतधारियों की सुविधा और भव्य आयोजन को लेकर दिए आवश्यक निर्देश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। लोक आस्था एवं सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर सिदगोड़ा सूर्य मंदिर परिसर में आयोजित होने वाले छठ महोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। महोत्सव की तैयारियों और छठ व्रतधारियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री सह सूर्य मंदिर समिति के मुख्य संरक्षक रघुवर दास ने शुक्रवार को मंदिर परिसर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने समिति के पदाधिकारियों से तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली और आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की। पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने सूर्य मंदिर परिसर आने वाले व्रतधारियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सहूलियत को प्राथमिकता देते हुए सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व आस्था, पवित्रता और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। ऐसे में सूर्य मंदिर परिसर में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को बेहतर व्यवस्था और सहज वातावरण उपलब्ध कराना समिति की जिम्मेदारी है।
प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी सूर्य मंदिर समिति की ओर से छठ व्रतधारियों की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मंदिर परिसर स्थित दोनों छठ घाटों में स्वच्छ एवं निर्मल जल की व्यवस्था की गई है। वहीं, पूरे परिसर को आकर्षक पुष्प सज्जा से सजाया जा रहा है। मंदिर एवं आसपास के क्षेत्रों में रंग-बिरंगी रोशनी से भव्य विद्युत सज्जा के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यातायात नियंत्रण की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।
सूर्य मंदिर समिति के मीडिया प्रभारी प्रेम झा की ओर से जानकारी दी गई कि रविवार को दोपहर 2 बजे से छठ घाट के सभी प्रवेश द्वार श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। श्रद्धालु पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर छठ घाट तालाब में भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर सकेंगे।
छठ महोत्सव के अवसर पर सांस्कृतिक संध्या का भी भव्य आयोजन किया जाएगा। रविवार को संध्या 6 बजे से सूर्य मंदिर परिसर के शंख मैदान में सुप्रसिद्ध लोकगायिका आँखी दास, करीना पांडेय, सोविता पांडेय सहित स्थानीय कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से भक्ति संगीत, छठ गीतों और लोकगीतों की सुरमयी छटा बिखेरेंगे। सूर्य मंदिर समिति के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने शहरवासियों से संध्या 6 बजे शंख मैदान में आयोजित सांस्कृतिक संध्या में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि छठ महोत्सव के तहत होने वाले सांस्कृतिक संध्या में राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह, जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू समेत शहर के गणमान्यजनों की मौजूदगी रहेगी। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु छठ गीतों, लोकगीतों एवं भजन संगीत के माध्यम से महापर्व की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक अनुभूति का आनंद अवश्य लें।

