
लेखक: राष्ट्र संवाद संवाददाता
यूसीआईएल में तबादले पर विवाद: दो अधिकारियों को नहीं हटाने पर पीएमओ में शिकायत, 15 दिन में कार्रवाई नहीं तो धरना
राष्ट्र संवाद संवाददाता | जादूगोड़ा। यूरेनियम कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (यूसीआईएल) में 10 नवंबर 2026 को जारी तबादला आदेश संख्या UCIL/362/CORP को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। आदेश के तहत 22 अधिकारियों का विभिन्न इकाइयों में तबादला किया गया, लेकिन मुख्य नियंत्रक (भंडार एवं क्रय) प्रवीण पाल और मुख्य अधीक्षक (मिल यांत्रिकी) राजेश यादव का नाम सूची में नहीं होने से कर्मचारियों ने सवाल उठाए हैं। कर्मचारियों का दावा है कि दोनों अधिकारी पिछले 18 से 20 वर्षों से जादूगोड़ा में पदस्थापित हैं।
इस मामले में आरटीआई कार्यकर्ता संघ, धालभूम अनुमंडल के सुनील मुर्मू ने केंद्रीय सतर्कता आयोग (CVC) के दिशा-निर्देशों और संवेदनशील पदों पर रोटेशन की व्यवस्था का हवाला देते हुए यूसीआईएल प्रबंधन से जवाब मांगा है। उन्होंने 13 नवंबर को सीएमडी को पत्र लिखने के साथ CPGRAMS पोर्टल पर शिकायत (संख्या DATOM/E/2026/0000945) दर्ज कराई है। शिकायत परमाणु ऊर्जा विभाग को भेजी गई है और उप सचिव के.वी. माधवदास को अग्रसारित की गई है।
सुनील मुर्मू ने तबादला आदेश की सतर्कता जांच, लिखित ट्रांसफर पॉलिसी सार्वजनिक करने, पांच साल से अधिक समय से संवेदनशील पदों पर जमे अधिकारियों का तबादला तथा भंडार एवं क्रय विभाग की पिछले 18-20 वर्षों की खरीद का CAG अथवा विजिलेंस ऑडिट कराने की मांग की है।
वहीं, यूसीआईएल के पीआरओ स्टालिन हेंब्रम ने बताया कि तबादले को लेकर उठ रहे सवालों की जानकारी वरीय अधिकारियों को दी गई है और मामले की समीक्षा की बात कही गई है। सुनील मुर्मू ने चेतावनी दी है कि 15 दिनों के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो यूसीआईएल अस्पताल चौक पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने जरूरत पड़ने पर मामला सीवीसी, नई दिल्ली तक ले जाने की भी बात कही है।
अब निगाहें यूसीआईएल प्रबंधन पर हैं कि वह तबादला नीति और अधिकारियों की लंबे समय से एक ही पद पर तैनाती को लेकर क्या जवाब देता है।

