
लेखक: राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। सिदगोड़ा स्थित सूर्य मंदिर धाम में 14 नवंबर को जरूरतमंद छठव्रतियों के बीच निःशुल्क पूजन सामग्री का वितरण किया जाएगा। सुबह 10 बजे से शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू अपने हाथों से सामग्री वितरित करेंगी।
भाजपा के वरिष्ठ नेता पवन अग्रवाल ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री एवं सूर्य धाम कमेटी के मुख्य संरक्षक रघुवर दास के निर्देश पर वितरण की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जरूरतमंद व्रतियों तक सामग्री पहुंचाने के लिए जमशेदपुर पूर्वी के सभी मंडल अध्यक्षों को कूपन दिए गए हैं। कूपन के माध्यम से लाभुक पूजन सामग्री प्राप्त कर सकेंगे।
वितरित सामग्री में सूप, सेव, केला, गन्ना, अमरूद, गागर नींबू, सिंघाड़ा सहित 15 प्रकार की पूजन सामग्री शामिल हैं। पवन अग्रवाल ने कहा कि मंदिर समिति का उद्देश्य आर्थिक अभाव के कारण कोई भी श्रद्धालु छठ व्रत करने से वंचित न रहे।
इसकी पैकेजिंग में बंटी अग्रवाल, टुनटुन सिंह, मित्रू प्रधान, योगेंद्र मंडल सहित गोलमुरी मंडल के भाजपा कार्यकर्ताओं ने सहयोग किया।

