
जुलुमटांड में असामाजिक तत्वों का आतंक, विद्यालय निदेशक ने मांगी सुरक्षा
*मारपीट, महिला शिक्षिका से छेड़छाड़ और धमकी का आरोप; पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई का लगाया आरोप*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, गम्हरिया
आदित्यपुर थाना क्षेत्र के सतवाहिनी स्थित जुलुमटांड में बढ़ती आपराधिक घटनाओं से संस्कारोदय अकादमी के निदेशक डॉ. दिग्विजय भारत ने संस्थान की सुरक्षा पर चिंता जताई है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक और मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर सुरक्षा तथा निष्पक्ष जांच की मांग की है।
बुधवार को प्रेस वार्ता में उन्होंने आरोप लगाया कि 8 नवंबर की रात विद्यालय के बाहर कुछ युवक एक युवती के साथ अश्लील हरकतें कर रहे थे। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई और साथियों को बुलाकर हंगामा किया गया। बीच-बचाव करने पहुंची महिला शिक्षिका के साथ दुर्व्यवहार और छेड़छाड़ किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
डॉ. भारत का आरोप है कि पहले शिकायत देने के बावजूद पुलिस ने निष्पक्ष जांच के बजाय उनके खिलाफ ही मामला दर्ज कर लिया। उन्होंने दोषियों पर कार्रवाई और विद्यालय की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। प्रेस वार्ता में शिक्षक अमित कुमार, बेटी रक्षा बल की अध्यक्ष मोनिका कुमारी, रूबी कुमारी, संगीता सतपथी, कौशल कुमार, इन्द्रपाल और सुनील सरदार समेत अन्य लोग मौजूद थे।

