
बहरागोड़ा में उत्साह से मना भाईदूज, बहनों ने भाइयों को लगाया तिलक
राष्ट्र संवाद संवाददाता, बहरागोड़ा
ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में बुधवार को भाई-बहन के अटूट प्रेम का प्रतीक भाईदूज का पर्व उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। सुबह से ही बहनों के अपने भाइयों के घर पहुंचकर तिलक लगाने का सिलसिला शुरू हो गया, जो दिनभर जारी रहा। बहनों ने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और सलामती की कामना की।
पर्व को लेकर बाजारों में भी रौनक रही। सुबह से ही मिठाइयों, उपहारों और अन्य सामानों की खरीदारी के लिए दुकानों पर महिलाओं एवं युवतियों की भीड़ जुटी रही। भाई-बहनों ने एक-दूसरे को उपहार और मिठाइयां देकर पर्व की खुशियां साझा कीं।
मान्यता है कि दीपावली के तीसरे दिन मनाया जाने वाला भाईदूज भाई-बहन के स्नेह और विश्वास का प्रतीक है। रक्षाबंधन के बाद यह दूसरा प्रमुख त्योहार है, जिसमें बहनें तिलक लगाकर भाइयों की लंबी उम्र और मंगलमय जीवन की कामना करती हैं।

