
लेखक : संजय राठी
भारत त्योहारों और उत्सवों का देश है। हमारी सांस्कृतिक परंपराओं में दीपावली का विशेष स्थान है। यह पर्व अंधकार पर प्रकाश, असत्य पर सत्य और निराशा पर आशा की विजय का प्रतीक है। दीपावली का वास्तविक संदेश घरों, समाज और जीवन में खुशियों का प्रकाश फैलाना है। लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति यह है कि आधुनिक समय में इस पावन पर्व का स्वरूप धीरे-धीरे बदलता जा रहा है। दीपों और खुशियों के इस त्योहार पर अब आतिशबाजी, जहरीले धुएँ और कानफोड़ू पटाखों का शोर हावी होता जा रहा है। यह बढ़ता प्रदूषण का तांडव हर साल एक गंभीर चिंता का विषय बन रहा है।
आज दीपावली के अवसर पर चारों तरफ पटाखों और बमों की गूंज सुनाई देती है। ऐसा लगता है मानो उत्सव मनाने की होड़ में हम अपने आसपास के वातावरण और प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को पूरी तरह भूल गए हैं। तेज आवाज वाले पटाखों और जहरीले धुएँ से मनुष्य ही नहीं, बल्कि जीव-जंतु, पशु-पक्षी और पेड़-पौधे भी त्राहि-त्राहि कर रहे हैं।
दीपावली के बाद वायु गुणवत्ता में गिरावट
दीपावली के अगले दिन यानी 9 नवंबर 2026 को दिल्ली-एनसीआर की वायु गुणवत्ता ने प्रदूषण की गंभीरता को एक बार फिर उजागर कर दिया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, सोमवार सुबह दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) लगभग 366 दर्ज किया गया, जो बहुत खराब श्रेणी में आता है। दिल्ली के कई निगरानी केंद्रों पर यह 400 के पार पहुंच गया।
एनसीआर के अन्य शहरों में भी स्थिति चिंताजनक रही। सुबह के आंकड़ों के अनुसार गाजियाबाद में एक्यूआई 372, नोएडा में 338, फरीदाबाद में 323 और गुरुग्राम में 306 दर्ज किया गया। हरियाणा में बहादुरगढ़ का एक्यूआई 401 और रोहतक का 385 तक पहुंच गया। चर्खी दादरी में 388 और भिवानी में 369 का स्तर दर्ज किया गया। कई स्थानों पर हवा गंभीर श्रेणी में पहुंच गई।
ये आंकड़े केवल संख्याएं नहीं हैं, बल्कि उस हवा की स्थिति का संकेत हैं जिसमें लाखों लोग सांस लेने को मजबूर हैं। दीपावली के दौरान पटाखों से निकले धुएँ ने पहले से मौजूद प्रदूषण के बोझ को और बढ़ाया। हालांकि वाहनों का धुआँ, औद्योगिक उत्सर्जन, निर्माण कार्यों की धूल, पराली जलाना और प्रतिकूल मौसमी परिस्थितियां भी इस संकट के कारण हैं, लेकिन आतिशबाजी ने स्थिति को और गंभीर बना दिया।
स्वास्थ्य पर प्रदूषण का तांडव का प्रभाव
इस प्रदूषण का सबसे अधिक दुष्प्रभाव नवजात शिशुओं, छोटे बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं, दमा और हृदय रोगियों पर पड़ता है। बच्चों की पढ़ाई और सामान्य दिनचर्या प्रभावित होती है। लोगों को सांस लेने में परेशानी, आंखों में जलन, खांसी और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ता है। जहरीले सूक्ष्म कण फेफड़ों और हृदय के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा पैदा करते हैं।
सवाल यह है कि आखिर त्योहार मनाने के नाम पर हम अपनी और अपने बच्चों की सेहत के साथ कितना बड़ा खिलवाड़ करते रहेंगे?
ध्वनि प्रदूषण और पारिस्थितिकी तंत्र
प्रदूषण का दूसरा गंभीर पहलू ध्वनि प्रदूषण है। तेज आवाज वाले बम और पटाखे केवल मनुष्यों को ही परेशान नहीं करते, बल्कि पशु-पक्षियों के लिए भी भय और तनाव का कारण बनते हैं। कुत्ते, गाय और अन्य पशु तेज धमाकों से घबरा जाते हैं। कई पक्षी अपने घोंसलों को छोड़कर उड़ जाते हैं। छोटे जीव-जंतुओं के जीवन पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
जो पशु और पक्षी अपनी पीड़ा शब्दों में व्यक्त नहीं कर सकते, क्या उनके प्रति हमारी कोई जिम्मेदारी नहीं है?
हमारे पेड़-पौधे और हरित संपदा भी इस प्रदूषण से अछूते नहीं हैं। प्रकृति ने हमें स्वच्छ हवा, जल और जीवन दिया है, लेकिन हम अपने ही हाथों से इस प्राकृतिक संपदा को नष्ट करने में लगे हैं।
सरकारों और प्रशासन की भूमिका
सबसे बड़ा प्रश्न सरकारों, प्रशासन और न्यायिक व्यवस्था की भूमिका को लेकर है। प्रत्येक वर्ष दीपावली से पहले प्रदूषण रोकने के लिए बैठकें होती हैं, निर्देश जारी किए जाते हैं, प्रतिबंधों की घोषणाएं होती हैं और न्यायालयों में भी इस विषय पर सुनवाई होती है। लेकिन जमीनी स्तर पर परिणाम अपेक्षित नहीं दिखाई देते।
हर वर्ष वही औपचारिकताएं, वही चेतावनियां और वही दावे दोहराए जाते हैं। आखिर इन आदेशों और निर्देशों का प्रभावी क्रियान्वयन क्यों नहीं हो पाता? क्या प्रशासन की जिम्मेदारी केवल आदेश जारी करना है या उनका पालन करवाना भी है?
प्रदूषण केवल पटाखों से पैदा नहीं होता। दिल्ली-एनसीआर में वाहनों का धुआँ, औद्योगिक इकाइयों का उत्सर्जन, निर्माण कार्यों की धूल, कूड़ा जलाना और ईंट-भट्ठों से निकलने वाला धुआँ भी वायु प्रदूषण के प्रमुख कारण हैं। जब तक इन सभी स्रोतों पर कठोर और निरंतर नियंत्रण नहीं किया जाएगा, तब तक प्रदूषण की समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है।
स्थायी राष्ट्रीय नीति की आवश्यकता
अब समय आ गया है कि पटाखों की समस्या पर आधे-अधूरे प्रतिबंधों और मौसमी आदेशों से आगे बढ़कर एक स्थायी राष्ट्रीय नीति बनाई जाए। पटाखों के निर्माण, भंडारण, परिवहन, वितरण, बिक्री और उपयोग पर देशव्यापी पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए।
केवल दीपावली के कुछ दिनों तक प्रतिबंध लगाने से इस गंभीर समस्या का समाधान नहीं होगा। जब तक पटाखों का उत्पादन और बाजार में उनकी उपलब्धता जारी रहेगी, तब तक नियमों का उल्लंघन होता रहेगा।
पटाखों के निर्माण और कारोबार से लेकर उनके उपयोग तक प्रतिबंध का कठोरता से पालन करवाया जाना चाहिए। इस प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों के लिए कठोर कानूनी दंड का प्रावधान होना चाहिए।
पटाखों से होने वाले व्यापक नुकसान को देखते हुए इस गतिविधि को प्रकृति, मानवता और सार्वजनिक स्वास्थ्य के विरुद्ध गंभीर अपराध के रूप में कानूनी मान्यता देने की दिशा में पहल की जानी चाहिए। जब किसी गतिविधि से करोड़ों लोगों के स्वास्थ्य, बच्चों के भविष्य, बुजुर्गों के जीवन, पशु-पक्षियों और संपूर्ण पारिस्थितिकी तंत्र को नुकसान पहुंचता है, तो उसे सामान्य उल्लंघन मानकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
आखिर किसी व्यक्ति या उद्योग को व्यावसायिक लाभ अथवा मनोरंजन के नाम पर करोड़ों लोगों के जीवन, स्वास्थ्य और पर्यावरण को खतरे में डालने का अधिकार कैसे दिया जा सकता है?
यह केवल प्रदूषण का सवाल नहीं, बल्कि जीवन के अधिकार और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य की रक्षा का सवाल है। संसद और सरकार को इस दिशा में ठोस पहल करनी चाहिए। न्यायपालिका, राष्ट्रीय हरित अधिकरण, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और प्रशासन को भी अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी निर्वहन करना होगा।
अब केवल अपील, चेतावनी, बैठकों और प्रतीकात्मक कार्रवाई से काम नहीं चलेगा। प्रकृति और मानवता की रक्षा के लिए कठोर और स्थायी निर्णय लेने का समय आ गया है।
नागरिकों की जिम्मेदारी और स्वच्छ दीपावली
पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है। समाज और प्रत्येक नागरिक को भी अपनी भूमिका निभानी होगी। दीपावली पर मिट्टी के दीपक जलाएं, घरों को रोशनी से सजाएं, मिठाइयां बांटें और जरूरतमंदों के जीवन में खुशियां लाएं। पटाखों से दूरी बनाएं और बच्चों को पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनाएं।
हमें यह याद रखना होगा कि त्योहारों की खुशियां किसी दूसरे जीव के जीवन में भय पैदा करके नहीं मनाई जानी चाहिए। जिस हवा में हम सांस लेते हैं, उसी हवा पर पशु-पक्षियों और पेड़-पौधों का भी अधिकार है। प्रकृति का संतुलन बिगाड़कर मानव सभ्यता कभी सुखी और सुरक्षित नहीं रह सकती।
दीपावली प्रकाश का पर्व है, धुएँ और धमाकों का नहीं। हमें अपनी सांस्कृतिक परंपराओं के वास्तविक स्वरूप को समझना होगा। उत्सव का उद्देश्य खुशियां बांटना है, न कि दूसरों के जीवन को संकट में डालना।
आइए, हम संकल्प लें कि दीपावली को प्रदूषणमुक्त, पर्यावरण अनुकूल और संवेदनशील उत्सव बनाएंगे।
प्रकृति के विरुद्ध अपराध, अंततः मानवता के विरुद्ध अपराध है। ऐसे अपराधों के प्रति समाज और सरकार की चुप्पी भी भविष्य के लिए घातक साबित हो सकती है।

