
भागाबांध ने रिचितुका को हराकर फुटबॉल खिताब पर जमाया कब्जा
*विधायक संजीव सरदार ने कहा- ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं, ऐसे आयोजन युवाओं को देते हैं मंच*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, पोटका
शंकरदा पंचायत में खेरवाड़ माडेर लोवाडीह की ओर से आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का खिताब रुसिका स्पोर्ट्स भागाबांध ने जीत लिया। फाइनल में भागाबांध ने ओपन लाइन रिचितुका को 1-0 से पराजित किया। निर्णायक गोल पीथो सोरेन ने किया। प्रतियोगिता में कुल 32 टीमों ने हिस्सा लिया।
सेमीफाइनल में भागाबांध ने मारंग बुरु एफसी को 1-0 से हराया, जबकि दूसरे मुकाबले में ओपन लाइन रिचितुका ने पेनल्टी शूटआउट में माडवा क्लब रानीकुदार को मात देकर फाइनल में प्रवेश किया।
समापन समारोह में पोटका विधायक संजीव सरदार ने विजेता और उपविजेता टीम को पुरस्कृत किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। ऐसे टूर्नामेंट युवाओं को प्रतिभा दिखाने का अवसर देने के साथ खेल के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से मेहनत, अनुशासन और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने की अपील की।
विजेता भागाबांध को 30 हजार और उपविजेता रिचितुका को 20 हजार रुपये दिए गए। तीसरे और चौथे स्थान की टीमों के लिए 10-10 हजार रुपये का पुरस्कार निर्धारित था। मैन ऑफ द सीरीज, मैन ऑफ द मैच, सर्वाधिक गोल, सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर और डिफेंडर के पुरस्कार भी रखे गए थे। मौके पर विशिष्ट अतिथि जोसाई मार्डी, दुखु मार्डी, भूगलू टुडू सहित कई गणमान्य लोग और सैकड़ों ग्रामीण मौजूद थे।

