
*विद्यालय के गेट पर हंगामा, मारपीट और महिलाओं से अभद्रता का आरोप
राष्ट्र संवाद संवाददाता, गम्हरिया
आदित्यपुर थाना क्षेत्र के जुलूमटांड़ स्थित संस्कारोदय अकादमी के समीप रविवार रात करीब साढ़े दस बजे हंगामा, मारपीट और महिलाओं से अभद्र व्यवहार किए जाने का मामला सामने आया है। संस्थान के निदेशक डॉ. दिग्विजय भारत ने इस संबंध में आदित्यपुर थाना में लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।
निदेशक के अनुसार, सीसीटीवी निगरानी के दौरान विद्यालय के मुख्य गेट के पास सड़क पर एक लड़की के साथ कुछ युवकों की अशोभनीय गतिविधियां दिखीं। स्थानीय लोगों ने युवकों को वहां से जाने को कहा तो उन्होंने संस्थान के अधिकारियों और लोगों के साथ हाथापाई शुरू कर दी। इस दौरान दो युवकों को पकड़ लिया गया, जबकि अन्य फरार हो गए। आरोप है कि देर रात युवक दोबारा पहुंचे और गेट पर हंगामा करते हुए सीसीटीवी कैमरा चोरी करने का प्रयास किया। बाहर निकली महिलाओं से भी अभद्रता की गई।
शिकायत में रितेश कुमार और रितेश यादव समेत करीब सात अज्ञात युवकों का उल्लेख है। निदेशक ने पुलिस अधीक्षक से आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई, नियमित गश्ती तथा जुलूमटांड़ मैदान और तालाब के आसपास कथित अड्डेबाजी, नशाखोरी व जुआ पर रोक लगाने की मांग की है।

