
वेंडिंग जोन में स्थानीय बेरोजगारों को 75% हिस्सेदारी देने की मांग
*आदिवासी कल्याण समिति ने 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल बनाया, मांग नहीं माने जाने पर आंदोलन की चेतावनी*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, आदित्यपुर
आदित्यपुर दिंदली बाजार में प्रस्तावित मार्केट सह वेंडिंग जोन के आवंटन में स्थानीय बेरोजगारों को प्राथमिकता देने की मांग तेज हो गई है। आदिवासी कल्याण समिति, आदित्यपुर की बैठक में स्थानीय लोगों ने वेंडिंग जोन में 75 प्रतिशत हिस्सेदारी सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि परियोजना से स्थानीय लोगों को रोजगार और स्वरोजगार का अवसर मिलना चाहिए। मांगों को प्रशासन तक पहुंचाने के लिए 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल गठित किया गया है। इसमें मीलू सरदार और सुरेंद्र सुंडी प्रमुख रूप से शामिल हैं। प्रतिनिधिमंडल संबंधित अधिकारियों से मिलकर स्थानीय लोगों की आपत्तियों और मांगों से अवगत कराएगा।
समिति ने चेतावनी दी कि मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं होने पर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर राज्यपाल के समक्ष भी मामला उठाया जाएगा।

