
शहीदों की स्मृति में छोटा गम्हरिया में जले सैकड़ों दीप
*स्वदेशी जागरण मंच का ‘एक दीया शहीदों के नाम’ कार्यक्रम, पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों को किया गया सम्मानित*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, गम्हरिया
दीपावली की पूर्व संध्या पर स्वदेशी जागरण मंच, सरायकेला-खरसावां की ओर से छोटा गम्हरिया दुर्गापूजा मैदान में ‘एक दीया शहीदों के नाम’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें देश की रक्षा में प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों को दीप जलाकर श्रद्धांजलि दी गई।
मुख्य अतिथि 157वीं सीआरपीएफ बटालियन के डिप्टी कमांडेंट मोहनीश कुमार, विशिष्ट अतिथि टाटा स्टील गम्हरिया के सीआरएस प्रमुख सत्यनारायण नंदा तथा पूर्व सैनिक शरदेंदु शेखर, पार्षद प्रतिनिधि अमरेंद्र सिंह, समाजसेवी बाबू मिश्रा और विहिप नेता भगवान सिंह ने भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। डिप्टी कमांडेंट मोहनीश कुमार ने शहीदों की स्मृति में ऐसे आयोजन को सराहनीय पहल बताया।
इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने देशभक्ति गीत और नृत्य प्रस्तुत किए। जिले के पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों को प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया। अंत में अतिथियों, मंच के सदस्यों और नागरिकों ने शहीदों की स्मृति में एक-एक दीप जलाकर श्रद्धांजलि दी। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।
आयोजन में अमित सिंहदेव, रश्मि भेंगरा, राजन साव, जितेंद्र सिंह, प्रणव झा, सिकंदर मौर्या, मलय दास, मृत्युंजय सिंह, रिंकू ठाकुर, संतोष कुमार सहित मंच के सदस्यों का योगदान रहा।

