
अवैध शराब के खिलाफ उत्पाद विभाग की कार्रवाई, पुरीयारा में भट्ठी तोड़ी
*50 लीटर तैयार चुलाई शराब जब्त, 600 किलो जावा महुआ किया गया नष्ट; संचालक पर केस की तैयारी*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए उत्पाद विभाग ने शनिवार को नीमडीह थाना क्षेत्र के पुरीयारा गांव में छापेमारी की। उपायुक्त के निर्देश पर उत्पाद अधीक्षक के नेतृत्व में पहुंची टीम ने वहां चल रही अवैध चुलाई शराब भट्ठी को ध्वस्त कर दिया।
कार्रवाई के दौरान टीम ने 50 लीटर तैयार चुलाई शराब जब्त की। वहीं, शराब बनाने के लिए तैयार करीब 600 किलोग्राम जावा महुआ को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। विभागीय टीम के पहुंचने की भनक लगते ही भट्ठी संचालक अरुण गोप फरार हो गया। उसके विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।
उत्पाद अधीक्षक ने कहा कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के लिए जिले में लगातार छापेमारी की जाएगी।

