

*ठकुरानी खदान के गेट पर ट्रक मालिकों की हड़ताल
*बड़बिल ट्रक ओनर्स एसोसिएशन ने लगाया टेंट, कहा- मांग पूरी होने तक जारी रहेगा आंदोलन*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, बड़बिल
बड़बिल तहसील क्षेत्र के अंतर्गत आर्सेलर मित्तल निप्पन इंडिया लिमिटेड की ठकुरानी लौह अयस्क खदान के मुख्य गेट के समीप बड़बिल ट्रक ओनर्स एसोसिएशन ने मालढुलाई दर बढ़ाने की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। एसोसिएशन के सदस्यों ने स्पष्ट किया है कि जब तक कंपनी परिवहन दरों में बढ़ोतरी नहीं करती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
एसोसिएशन के सदस्यों के अनुसार, डीजल की कीमतों, वाहनों की किस्तों और रखरखाव पर होने वाला खर्च लगातार बढ़ रहा है। इसके बावजूद कंपनी की ओर से वर्षों पुरानी दरों पर मालढुलाई कराई जा रही है।
ट्रक मालिकों का कहना है कि मौजूदा खर्चों के बीच पुरानी दरों पर वाहन चलाना मुश्किल हो गया है। इससे वाहन मालिकों के सामने आर्थिक संकट की स्थिति बन रही है और परिवार का खर्च चलाना भी चुनौतीपूर्ण होता जा रहा है।
आंदोलन को जारी रखने के लिए एसोसिएशन की ओर से खदान गेट के समीप टेंट लगाया गया है। ट्रक मालिकों ने दोहराया है कि परिवहन दरों में उचित बढ़ोतरी होने तक उनका धरना और हड़ताल जारी रहेगा।

