जिस थाने में मांगी सुरक्षा, वहीं दुष्कर्म का आरोप; सिपाही गिरफ्तार
*एसपी ने थाना प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मियों को किया निलंबित, एसआईटी ने घटनास्थल का कमरा सील किया*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, गम्हरिया
पारिवारिक विवाद और पति की कथित मारपीट से बचने के लिए गम्हरिया थाना पहुंची दुग्धा गांव की एक महिला ने थाने के ही एक सिपाही पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एसपी मनोज स्वर्गीयारी ने मुख्य आरोपी सिपाही नीरज लकड़ा को गिरफ्तार करा दिया है। वहीं, थाना प्रभारी संजय प्रसाद समेत चार पुलिसकर्मियों को लापरवाही और कर्तव्यहीनता के आरोप में निलंबित कर दिया गया है।
महिला के अनुसार, बीती रात करीब 11 बजे पीड़िता की शिकायत पर उसे गश्ती टीम द्वारा गम्हरिया थाना लाया गया था। देर रात होने और पति से मारपीट का भय होने के कारण उसे थाने में ही रोक लिया गया था। देर रात कथित रूप से उसके साथ सिपाही नीरज लाकड़ा द्वारा थाना परिसर के एक रुम में उसके जबरदस्ती की गई। महिला ने विरोध करते हुए शोर मचाया और बचने की कोशिश की। आरोप है कि इस दौरान पास पड़े चाकू से आरोपी सिपाही के हाथ में चोट लगी। कमरे और महिला के कपड़ों पर खून के निशान भी मिले।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर सरायकेला एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई। शुक्रवार देर रात एसडीपीओ पुलिस बल के साथ गम्हरिया थाना पहुंचे और साक्ष्य सुरक्षित रखने के लिए घटनास्थल वाले कमरे को सील कराया। निलंबित पुलिसकर्मियों में थाना प्रभारी संजय प्रसाद, सब इंस्पेक्टर मनोज साहू, अनिरुद्ध सिंह और आरक्षी संतोष राय शामिल हैं।
एसडीपीओ ने बताया कि पीड़िता के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। पुलिस के अनुसार, मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी।

