*बाजार समिति की दुकानों का भाड़ा बढ़ने पर व्यापारियों में नाराजगी
राष्ट्र संवाद संवाददाता, जादूगोड़ा
झारखंड राज्य कृषि विपणन परिषद की ओर से बाजार समिति की दुकानों का मासिक भाड़ा चार रुपये से बढ़ाकर नौ रुपये प्रति वर्गफीट किए जाने के फैसले के खिलाफ व्यापारियों में नाराजगी बढ़ गई है। शुक्रवार शाम बाजार समिति परिसर स्थित शिव राधा-कृष्ण हनुमान मंदिर प्रांगण में व्यापारियों की बैठक हुई। दीपक भालोटिया की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में भाड़ा वृद्धि के विरोध में आंदोलन की रणनीति तय की गई।
बैठक में व्यापारियों ने भाड़े में की गई बढ़ोतरी को अनुचित बताते हुए निर्णय वापस लेने की मांग की। सर्वसम्मति से तय किया गया कि शनिवार से सभी व्यापारी काला बिल्ला लगाकर विरोध दर्ज कराएंगे। व्यापारियों ने कहा कि भाड़ा वृद्धि से उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। बैठक में आगे की आंदोलनात्मक कार्रवाई पर भी चर्चा की गई।
बैठक में दिलीप अग्रवाल, करण ओझा, भीमसेन शर्मा, मनोज बागड़ी, आशीष शर्मा, विजय अग्रवाल, पवन पटवारी, बंटी अग्रवाल, गणेश बोरा, आशीष गुप्ता, संतोष नागलिया, अरविंद गुप्ता, किशोर माहेश्वरी और किशन अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित थे।

