नवरात्र में शहर की शांति भंग न करे भाजपा, लोकतांत्रिक मर्यादा का पालन करे : नलिनी सिन्हा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष नलिनी सिन्हा ने भाजपा पर कथित हिंसा और अलोकतांत्रिक आचरण का आरोप लगाते हुए इसकी कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यालय तिलक पुस्तकालय के समक्ष भाजपा महिला मोर्चा के प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर लाठी-डंडे और पत्थरों का इस्तेमाल दुर्भाग्यपूर्ण है। लोकतंत्र में विरोध का अधिकार है, लेकिन प्रदर्शन शांतिपूर्ण और मर्यादित होना चाहिए।
नलिनी सिन्हा ने कहा कि नवरात्र के पावन अवसर पर जमशेदपुर में दुर्गा पूजा की तैयारियां चल रही हैं। ऐसे समय में शहर की शांति और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाले किसी भी कदम से बचना चाहिए। उन्होंने भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से कार्यकर्ताओं को अनुशासन और संयम का पाठ पढ़ाने की अपील की।
वहीं, वोट चोरी के मुद्दे पर उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका पर सवाल उठाते हुए मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मतदाताओं के अधिकारों और निष्पक्ष चुनाव के लिए व्यापक जनजागरण अभियान चलाएगी।

