*राष्ट्र संवाद की खबर का असर*
मां रंकिणी मंदिर में गार्डवाल निर्माण में आई तेजी, वन विभाग ने ठेकेदार को लगाई फटकार
पोटका रेंजर विमद कुमार ने किया औचक निरीक्षण, मंदिर कमेटी ने उठाए निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल; जंग लगे सरिये से ढलाई और गंदगी पर जताई नाराजगी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जादूगोड़ा। प्रसिद्ध मां रंकिणी मंदिर परिसर में गार्डवाल निर्माण कार्य में तेजी आई है। नवरात्र से पहले मंदिर परिसर में गहरे गड्ढों और निर्माण सामग्री के बिखरे पड़े होने से श्रद्धालुओं को हो रही परेशानी का मुद्दा राष्ट्र संवाद ने प्रमुखता से उठाया था। खबर प्रकाशित होने के बाद वन विभाग हरकत में आया और पोटका रेंजर विमद कुमार ने मंदिर परिसर पहुंचकर निर्माण कार्य का औचक निरीक्षण किया।
बताया जाता है कि विभागीय अधिकारियों ने ठेकेदार को फटकार लगाते हुए काम में तेजी लाने और परिसर की सफाई कराने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान गड्ढों, निर्माण सामग्री और जंग लगे सरिये की स्थिति भी देखी गई।
हालांकि, मंदिर कमेटी के अध्यक्ष दिनेश सरदार ने काम की गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि जंग लगे सरिये पर ही ढलाई की जा रही है, जिससे निर्माण की मजबूती प्रभावित हो सकती है। उन्होंने इंजीनियर से गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की।
कमेटी के सदस्यों ने बताया कि मंदिर के पास पार्क निर्माण का काम भी ठप पड़ा है। परिसर में गिट्टी, बालू, सरिया और खुदाई का मलबा बिखरा होने से श्रद्धालुओं को परेशानी हो रही है। कमेटी ने नवरात्र से पहले सफाई, निर्माण कार्य में गुणवत्ता सुनिश्चित करने और पार्क का काम जल्द पूरा कराने की मांग की है।
राष्ट्र संवाद ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और मंदिर परिसर की बदहाली का मुद्दा उठाया था। अब निर्माण में तेजी आई है, लेकिन गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर उठे सवालों पर विभाग की आगे की कार्रवाई महत्वपूर्ण होगी।

