54वें फुटबॉल महाकुंभ में जूनियर फाइटर चैंपियन, 1.20 लाख का पुरस्कार
*पिंड्राबेड़ा में दो दिवसीय टूर्नामेंट संपन्न, टीजीकेबी एफसी उपविजेता*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
काण्ड्रा के पिंड्राबेड़ा स्थित सिंधु-कान्हू खेल गांव में आजाद क्लब की ओर से आयोजित 54वां दो दिवसीय फुटबॉल महाकुंभ रविवार को संपन्न हुआ। फाइनल मुकाबलों के बाद जूनियर फाइटर की टीम ने खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम को 1.20 लाख रुपये नकद और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
समापन समारोह में सिंहभूम की सांसद जोबा माझी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। विशिष्ट अतिथियों में झामुमो के केंद्रीय सदस्य कृष्णा बास्के और डॉ. राजू माझी, शिक्षाविद सह झामुमो नेता कालीपद सोरेन, रापचा पंचायत की मुखिया सुकमति मार्डी, गम्हरिया प्रखंड अध्यक्ष भोंमरा माझी और उपाध्यक्ष राम महतो शामिल थे।
सांसद जोबा माझी ने कहा कि फुटबॉल झारखंड की संस्कृति से जुड़ा लोकप्रिय खेल है। ऐसे आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मंच देते हैं। कृष्णा बास्के ने खिलाड़ियों से नशे से दूर रहकर अनुशासन और नियमित अभ्यास के साथ खेल में आगे बढ़ने की अपील की।
प्रतियोगिता में टीजीकेबी एफसी दूसरे स्थान पर रही, जिसे 80 हजार रुपये और ट्रॉफी मिली। सीपीएफ बाना तीसरे तथा संथाल परगना की टीम चौथे स्थान पर रही। दोनों टीमों को 50-50 हजार रुपये दिए गए। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आयोजन समिति की ओर से विशेष पुरस्कार भी प्रदान किए गए।
टूर्नामेंट के सफल आयोजन में आजाद क्लब के अध्यक्ष पवन चंद्र हांसदा, उपाध्यक्ष गोरखा हेंब्रम, सचिव सुजान हांसदा और कोषाध्यक्ष शिवचरण हांसदा सहित क्लब के सदस्यों की अहम भूमिका रही। संचालन और उद्घोषणा सिकंदर सोरेन, संतोष टुडू सहित अन्य लोगों ने किया।

