सीने पर कलश रख चार साल से मां दुर्गा की आराधना में लीन हैं शंकर यादव
राष्ट्र संवाद संवाददाता
छौड़ाही /बेगूसराय
आस्था जब साधना का रूप लेती है तो वह लोगों का ध्यान खींचती है।छौड़ाही प्रखंड की सावंत पंचायत निवासी भाजपा मंडल अध्यक्ष शंकर यादव इन दिनों अपनी अनूठी धार्मिक साधना को लेकर चर्चा में हैं।वे लगातार चौथे वर्ष सीने पर कलश रखकर मां दुर्गा की आराधना और पाठ कर रहे हैं। शारदीय नवरात्र के दौरान उनकी इस साधना को लेकर क्षेत्र में उत्सुकता बनी हुई है।शंकर यादव के अनुसार उन्होंने मंगलवार एकादशी से कठिन व्रत शुरू किया है।उनका दावा है कि इस दौरान वे अन्न-जल ग्रहण नहीं कर रहे हैं।इतना ही नहीं,वे मल-मूत्र त्याग नहीं करने की बात भी कहते हैं।उन्होंने बताया कि दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के बाद भी उनकी साधना समाप्त नहीं होगी,बल्कि अगले 15 दिनों तक व्रत जारी रखने का संकल्प है।शंकर यादव का कहना है कि सनातन धर्म के प्रति अटूट विश्वास और मां दुर्गा के प्रति श्रद्धा ही उन्हें इस साधना के लिए प्रेरित करती है।उनके लिए पूजा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं,बल्कि आस्था और समर्पण का विषय है। इसी विश्वास के साथ वे हर वर्ष इस परंपरा को निभाने का प्रयास करते हैं।उनकी साधना को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों के बीच भी चर्चा हो रही है।भाजपा कार्यकर्ता सूचित पासवान,जीवछ यादव और संजीव यादव ने उनकी धार्मिक आस्था के प्रति सम्मान व्यक्त किया।नवरात्र के माहौल में शंकर यादव की यह साधना सावंत पंचायत में लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

