कसियातु में मां दुर्गा मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन, सांसद कालीचरण सिंह ने रखी आधारशिला
राष्ट्र संवाद संवाददाता
सिमरिया। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर सिमरिया प्रखंड के कसियातु गांव में मां दुर्गा मंदिर निर्माण को लेकर भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। चतरा के सांसद कालीचरण सिंह ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और मंदिर निर्माण की आधारशिला के रूप में ईंट रखी।
इस अवसर पर सांसद ने क्षेत्रवासियों की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि मां दुर्गा की आराधना से सकारात्मक ऊर्जा और शक्ति मिलती है। मंदिर केवल पूजा-अर्चना का स्थल नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और सामूहिक सहभागिता का भी प्रतीक है।
कार्यक्रम में ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं ने सांसद का शॉल ओढ़ाकर और माला पहनाकर स्वागत किया। मंदिर निर्माण को गांव की आस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्य बताते हुए ग्रामीणों ने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि मंदिर बनने से गांव में धार्मिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और नवरात्रि सहित अन्य अवसरों पर सामूहिक पूजा-अर्चना के लिए स्थायी स्थान उपलब्ध होगा।
सांसद ने ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास करने का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम श्रद्धा और उत्साह के माहौल में संपन्न हुआ।

