एसपी ग्रामीण ने किया दुर्गापूजा पंडालों का निरीक्षण
राष्ट्र संवाद संवाददाता, पोटका
पूर्वी सिंहभूम के एसपी (ग्रामीण) शुभम कुमार खंडेलवाल ने रविवार को कोवाली थाना क्षेत्र के दुर्गापूजा पंडालों का निरीक्षण किया। इस दौरान वे हाता स्थित श्रीश्री सार्वजनिन दुर्गापूजा पंडाल और हल्दीपोखर के श्रीश्री सार्वजनिक दुर्गापूजा पंडाल पहुंचे। उन्होंने पूजा समितियों के पदाधिकारियों से मुलाकात कर सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसपी ने पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने, अग्निशमन की व्यवस्था रखने, स्वयंसेवकों की तैनाती, महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग प्रवेश और निकास द्वार बनाने तथा वाहनों की सुचारु पार्किंग सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने श्रद्धालुओं की सहायता के लिए हेल्प डेस्क बनाने सहित अन्य सुरक्षा उपायों पर भी जोर दिया।
मौके पर डीएसपी रोहित कुमार रजवार, कोवाली थाना प्रभारी अमित कुमार चौधरी, पोटका थाना के सब-इंस्पेक्टर कुंदन वर्मा, पूजा समिति अध्यक्ष मनोज राम और सुरजीत कुंडू, संजय कुंडू, जयदेव मुखर्जी, शैलेन गुहा, कैलाश पात्र, बाप्पा सरकार, किशानु नंदी, विक्की गुप्ता और सोनू अग्रवाल सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

