डोमजूड़ी पंचायत के पहले रक्तदान शिविर में 60 यूनिट रक्त संग्रह
*हर तीन माह पर शिविर लगाने की मुखिया अनिता मुर्मू ने की घोषणा*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, पोटका
डोमजूड़ी ग्राम पंचायत की ओर से पहली बार पंचायत भवन में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। इसमें महिला-पुरुषों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कुल 60 यूनिट रक्तदान किया।
मुख्य अतिथि पूर्व सिविल सर्जन डॉ. ए.के. लाल ने कहा कि रक्तदान से बढ़कर कोई दान नहीं है। इससे जरूरतमंद मरीजों की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने मुखिया अनिता मुर्मू और उनकी टीम की सराहना करते हुए भविष्य में ऐसे आयोजनों में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। सभी रक्तदाताओं को हेलमेट और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
शिविर की सफलता से उत्साहित मुखिया अनिता मुर्मू ने प्रत्येक तीन माह पर रक्तदान शिविर आयोजित करने की घोषणा की। जिला परिषद सदस्य हिरण्यमय दास ने भी लोगों से रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की। वार्ड सदस्य मेघ राय मुर्मू ने 33वीं बार रक्तदान किया।
हेल्थ पॉइंट हॉस्पिटल, रांची के डॉ. विनीत मिश्रा की देखरेख में रक्त संग्रह किया गया। मौके पर नवद्वीप दास, पंचायत समिति सदस्य जालिम मार्डी, ब्रज गोपाल दास, राजेश कर्मकार, बाबूलाल टुडू, विक्रम कुमार दास, अमित रौशन बेरा और जगदीश चंद्र दास सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

