सरयू राय के अल्टीमेटम के बाद नगर निगम कार्यालय के सामने डंप हुआ कचरा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के अल्टीमेटम के बाद रविवार को मानगो के बागानशाही स्थित मुर्दा मैदान में जमा कचरा नगर निगम कार्यालय के समक्ष डंप करा दिया गया। इस घटना के बाद नगर निगम की सफाई व्यवस्था और कचरा निस्तारण की व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
उल्लेखनीय है कि एक अक्टूबर को विधायक सरयू राय ने मुर्दा मैदान का निरीक्षण कर वहां जमा कचरे पर नाराजगी जताई थी। उन्होंने नगर निगम को एक सप्ताह के भीतर सफाई कराने का अल्टीमेटम दिया था। इसके बाद सात अक्टूबर को अपर नगर आयुक्त को पत्र लिखकर चेतावनी दी थी कि सफाई नहीं होने पर स्थानीय लोग और उनके समर्थक खुद कचरा हटाकर निगम कार्यालय के सामने डाल देंगे।
रविवार को कचरा निगम कार्यालय के सामने पहुंचने के बाद मामला चर्चा में आ गया। हालांकि, इस कार्रवाई पर नगर निगम प्रशासन की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अब सवाल है कि मानगो में कचरे के नियमित उठाव और निस्तारण की स्थायी व्यवस्था कब सुनिश्चित होगी।
*(इनसेट)*
नगर निगम की सेवा इमरजेंसी सेवा है, संडे-मंडे से कोई लेना-देना नहीं
सरयू राय ने नगर निगम कार्यालय बंद रहने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि नगर निगम की सेवा इमरजेंसी सेवा है। उसे संडे-मंडे से कोई लेना-देना नहीं होना चाहिए। इसके बावजूद रविवार का बहाना बनाकर पूरा निगम कार्यालय बंद था।
(इनसेट)
मेयर और अपर नगर आयुक्त पर कोई असर नहीं होता
सरयू राय ने मानगो नगर निगम की मेयर और अपर नगर आयुक्त की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन पर किसी बात का असर नहीं होता, जूं तक नहीं रेंगती। उन्होंने कहा कि मेयर उनसे राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता रखती हैं तो रखें, लेकिन कम से कम वार्ड पार्षदों से तो बात कर सकती हैं। पार्षदों से बातचीत कर निगम को सहयोग लेकर काम करना चाहिए था।

*(इनसेट)*
बोर्ड की बैठक पर उठाए सवाल
राय ने झारखंड नगरपालिका अधिनियम का हवाला देते हुए कहा कि महीने में एक बार बोर्ड की बैठक होनी चाहिए और पार्षदों के साथ बैठक कर कामकाज पर चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पहली बैठक चार महीने बाद बुलाई गई। उस बैठक को संपन्न हुए दो महीने बीतने जा रहे हैं, लेकिन अगली बैठक को लेकर कोई सुगबुगाहट नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम विधायक का सहयोग भी नहीं ले रहा है और अधिकारी अपने मन से काम कर रहे हैं। हर वार्ड में सुपरवाइजर बहाल कर लिए गए हैं, लेकिन जमीन पर काम नहीं हो रहा है। सरयू राय ने कहा कि नगर निगम मानो मरणासन्न हो गया है।
*(इनसेट)*
उपायुक्त से अधिकारियों के खिलाफ कड़ी रिपोर्ट भेजने की मांग
सरयू राय ने कहा कि उन्होंने उपायुक्त से नगर निगम के अधिकारियों के खिलाफ कड़ी रिपोर्ट उच्च स्तर पर भेजने को कहा है। उनके अनुसार, अधिकारी न तो जनप्रतिनिधियों से बात करते हैं और न ही चिट्ठियों का जवाब देते हैं। मुर्दा मैदान से कचरा उठाकर नगर निगम कार्यालय के सामने डंप करने की कार्रवाई के जरिए सरयू राय ने सफाई व्यवस्था, कचरा निस्तारण और निगम के कामकाज पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यदि निगम समय पर सफाई कराता और कचरा डंप करने की जगह बता देता, तो कार्यालय के सामने कचरा गिराने की नौबत नहीं आती।

