104 जगहों पर दुर्गा पूजा, सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने तय की जिम्मेदारी
लखनपुर, सूर्यपुरा, बरौनी घटकिन्डी व चिल्हाय-रामपुर में विशेष पुलिस बल; पंडालों में सीसीटीवी व अग्नि सुरक्षा जरूरी
बेगूसराय राष्ट्र संवाद ब्यूरो
दुर्गा पूजा को लेकर अनुमंडल प्रशासन ने सुरक्षा और मेला व्यवस्था की तैयारी शुरू कर दी है। अनुमंडल क्षेत्र में 104 जगहों पर पूजा होगी। भगवानपुर के लखनपुर व सूर्यपुरा तथा तेघड़ा के बरौनी घटकिन्डी दुर्गा स्थान और चिल्हाय-रामपुर दुर्गा मेला में विशेष पुलिस बल तैनात रहेगा। पंडालों में सीसीटीवी, महिला-पुरुष के लिए अलग कतार और अग्नि सुरक्षा की व्यवस्था अनिवार्य होगी। मंगलवार को अटल कलाम भवन में अनुमंडल स्तरीय शांति समिति की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।अध्यक्षता एसडीओ नीरज सिंह ने की।
बैठक में तेघड़ा, भगवानपुर, बछवाड़ा और मंसूरचक की पूजा समितियों के अध्यक्ष-सचिव, सभी संबंधित अधिकारी शामिल हुए। समितियों के सदस्यों से सुझाव भी लिए गए। एसडीओ ने कहा कि दुर्गा पूजा आस्था का पर्व है। बिना लाइसेंस पूजा या मेला नहीं होगा। लाइसेंस की सभी शर्तों का पालन करना होगा। जागरण में केवल धार्मिक व भक्ति कार्यक्रम होंगे। अश्लील या आपत्तिजनक गीत बजाने पर कार्रवाई होगी।
प्रत्येक समिति को बीस से अधिक बुद्धिजीवी और वॉलिंटियर्स रखने होंगे। सभी का आधार संख्या सहित सूची लाइसेंस से पहले संबंधित थाना में जमा करनी होगी। असामाजिक तत्वों पर नजर रहेगी। शांति भंग की कोशिश पर तत्काल कार्रवाई होगी।
नगर निकाय बरौनी और तेघड़ा अपने-अपने क्षेत्र में पूजा स्थलों और मेला क्षेत्रों की सफाई, कूड़ा उठाव और जलजमाव की व्यवस्था देखेंगे। पहले से लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर उन्हें चालू रखने और जरूरत वाले स्थानों पर अतिरिक्त कैमरे लगाने को कहा गया। बिजली विभाग पूजा से पहले तार दुरुस्त करेगा।
कलश स्थापना और विसर्जन के दौरान झमटिया , अयोध्या, बोल्डर घाट सहित अन्य घाटघाटों पर पुलिस के साथ गोताखोर रहेंगे। एसडीपीओ कृष्ण कुमार ने कहा कि सभी मेला क्षेत्र में मजिस्ट्रेट और पुलिस बल तैनात रहेंगे, रात्रि गश्ती तेज की जाएगी, पुलिस पदाधिकारी और प्रशासनिक पदाधिकारी क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर निगरानी करेंगे, हर समय पुलिस अलर्ट रहेगी, गश्ती बढ़ेगी बैठक में बीडीओ-सीओ, थानाध्यक्ष, नगर परिषद तेघड़ा की कार्यपालक रेशु कुमारी, बरौनी के रणबीर कुमार, प्रखंड प्रमुख रामनरेश पासवान,मेला समिति के महेंद्र मालाकार, प्रमोद सिंह, देव कुमार ,मकबूल आलम, रविंद्र कुमार, शालिनी देवी,राम स्वार्थ साह,पूर्व मुखिया जफर आलम, मुखिया अमलेश कुमार, चंद्रभूषण सिंह, अनुराग प्रताप सन्नी , पंचायत समिति सदस्य अनुज कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद थे।

