दुर्गा पूजा को लेकर पुलिस प्रशासन में निकाला फ्लैग मार्च
बेगूसराय /राष्ट्र संवाद ब्यूरो
दुर्गा पूजा के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखने को लेकर रविवार की संध्या तेघड़ा में पुलिस प्रशासन ने फ्लैग मार्च निकाला। एसडीपीओ कार्यालय से एसडीपीओ कृष्ण कुमार के नेतृत्व में निकला फ्लैग मार्च तेघड़ा बाजार के विभिन्न मार्गों से गुजरा। इस दौरान लोगों से शांतिपूर्ण माहौल में दुर्गा पूजा मनाने और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की गई।
फ्लैग मार्च में प्रखंड विकास पदाधिकारी रजनीश कुमार, इंस्पेक्टर निर्भय कुमार सहित पुलिस पदाधिकारी और बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष पुलिस जवान शामिल हुए। पुलिस बल ने विभिन्न मार्गों से गुजरकर पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया।
इस अवसर पर एसडीपीओ कृष्ण कुमार ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान क्षेत्र में अमन-शांति बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी लोग आपसी सद्भाव के साथ पर्व मनाएं और प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि शांति व्यवस्था भंग करने और कानून को हाथ में लेने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। फ्लैग मार्च के माध्यम से पुलिस ने असामाजिक तत्वों को कड़ा संदेश देने के साथ आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा दिलाया।

