गोरखपुर परिक्षेत्र के रेलकर्मियों ने किया अयोध्या भ्रमण
कर्मचारी कल्याण निधि के तहत 52 रेलकर्मियों ने लिया धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का दर्शन
राष्ट्र संवाद ब्यूरो
लखनऊ। पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल प्रशासन की ओर से गोरखपुर परिक्षेत्र के रेलकर्मियों के लिए एक दिवसीय ‘अयोध्या भ्रमण शिविर’ का आयोजन किया गया। मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता के निर्देशन में आयोजित इस शिविर में कर्मचारी कल्याण निधि के अंतर्गत 52 रेलकर्मियों ने सहभागिता की।
भ्रमण के दौरान रेलकर्मियों ने अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इसके बाद हनुमानगढ़ी, सीता की रसोई, सरयू तट, राम की पैड़ी, हनुमत कुंड और भरतकुंड सहित विभिन्न प्रमुख धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण किया। कर्मचारियों ने अयोध्या की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक परंपराओं और आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव किया।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने कहा कि कर्मचारियों के लिए इस तरह के कल्याणकारी भ्रमण कार्यक्रम कार्य के प्रति नई ऊर्जा और सकारात्मक सोच विकसित करने में सहायक होते हैं। साथ ही, ऐसे आयोजनों से कर्मचारियों को देश की समृद्ध सांस्कृतिक एवं धार्मिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलता है।
भ्रमण में शामिल रेलकर्मियों ने कार्यक्रम को उपयोगी और सुखद बताते हुए इस पहल के लिए मंडल प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

