कुकड़ू में टाटा पावर की प्रस्तावित परियोजना ठप
*437 एकड़ जमीन पर उद्योगों की नजर, जियाडा ने शुरू किया सर्वेक्षण औद्योगिक पार्क की संभावना पर हो रहा मंथन*
मृत्युंजय बर्मन
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
सरायकेला-खरसावां जिले के कुकड़ू क्षेत्र में टाटा पावर की प्रस्तावित ताप विद्युत परियोजना आगे नहीं बढ़ने के बाद अब 436.93 एकड़ जमीन के औद्योगिक इस्तेमाल की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। इस दिशा में झारखंड औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकार (जियाडा) ने जमीन की मापी और स्थलीय जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
जियाडा की पहल के तहत जमीन के स्वामित्व, वास्तविक स्थिति, संपर्क मार्ग, आधारभूत सुविधाओं और औद्योगिक विकास की उपयुक्तता का आकलन किया जा रहा है। इसके लिए गठित संयुक्त समिति को 15 दिनों के भीतर औद्योगिक व्यवहार्यता रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश दिया गया है। वहीं, नवंबर तक राज्य सरकार को विस्तृत रिपोर्ट सौंपने की तैयारी है।
आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में जमीन की सीमित उपलब्धता के बीच कुकड़ू की इस जमीन को संभावित औद्योगिक क्षेत्र के रूप में देखा जा रहा है। यदि प्रस्ताव को सरकारी मंजूरी मिलती है, तो यहां नए उद्योगों की स्थापना का मार्ग खुल सकता है। इससे क्षेत्र में निवेश और रोजगार की संभावनाएं भी पैदा हो सकती हैं।
हालांकि, फिलहाल यह कवायद सर्वेक्षण और तकनीकी आकलन तक सीमित है। जमीन के अधिग्रहण, औद्योगिक पार्क की स्थापना और संभावित निवेश को लेकर अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। संयुक्त समिति की रिपोर्ट और राज्य सरकार की स्वीकृति के बाद ही कुकड़ू की जमीन के भविष्य की तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

