गांधी जयंती पर स्कूली बच्चों ने दी श्रद्धांजलि, क्विज और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित
राष्ट्र संवाद संवाददाता
आदित्यपुर/जमशेदपुर, 1 अक्टूबर। झारखंड प्रदेश महिला कांग्रेस कमेटी की ओर से गांधी जयंती की पूर्व संध्या पर राजकीयकृत उड़िया मध्य विद्यालय, आदित्यपुर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश महासचिव रजनी बंसल ने की। इस दौरान राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई तथा विद्यालय के 300 बच्चों के बीच पठन-पाठन सामग्री वितरित की गई।
कार्यक्रम में बच्चों के लिए गांधीजी के जीवन पर आधारित क्विज प्रतियोगिता, भाषण और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यार्थियों ने गीत, समूह नृत्य और भाषण के माध्यम से गांधीजी के विचारों को प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में सही जवाब देने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया गया।
रजनी बंसल ने कहा कि गांधीजी के विचार आज भी देश को सही दिशा दिखाते हैं। बच्चों को उनके सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलना चाहिए। जिला महासचिव राकेश साहू ने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में देशभक्ति और अच्छे संस्कार विकसित होते हैं। कांग्रेस पार्टी शिक्षा को सबसे बड़ा हथियार मानती है।
कार्यक्रम में मानवाधिकार जिला अध्यक्ष गुरु चरण मोहंती, समाजसेवी पूजा अग्रवाल और टी. पी. पांडे सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

