फुसरो-करगली मुख्य मार्ग पर सड़क धंसी, आवागमन बंद
राष्ट्र संवाद संवाददाता
फुसरो। फुसरो-करगली मुख्य मार्ग पर सीसीएल ढोरी जीएम कार्यालय के समीप बुधवार रात अचानक सड़क धंस गई। सड़क धंसने के बाद सुरक्षा के मद्देनजर इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया गया है। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बताया गया कि सड़क पर 27 मई से ही दरारें पड़नी शुरू हो गई थीं। समय के साथ दरारें लगातार बढ़ती गईं और बुधवार रात सड़क का एक हिस्सा धंस गया। घटना के बाद स्थानीय स्तर पर मार्ग को बंद कर दिया गया, ताकि किसी तरह की दुर्घटना न हो।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क में दरार आने के बाद से ही इसकी स्थिति को लेकर चिंता बनी हुई थी। यदि समय रहते इसकी मरम्मत कराई जाती तो सड़क धंसने की स्थिति को टाला जा सकता था। फिलहाल सड़क बंद होने से इस मार्ग से आने-जाने वाले लोगों को वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ रहा है।
सड़क धंसने के कारणों की जांच और मरम्मत को लेकर संबंधित विभाग की ओर से कार्रवाई की जा रही है।

