कचरे के ढेर में मिले पीडीएस के चावल, जांच शुरू
*सड़े चावल की बोरियों के साथ मिले राशन कार्ड, आपूर्ति विभाग ने जब्त किए दस्तावेज*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, बड़बिल,
बड़बिल नगरपालिका के वार्ड संख्या 15 स्थित दामु हाटिंग में आदर्श विद्यालय के पीछे कचरे के ढेर के पास सड़े और कीड़े लगे चावल की कई बोरियां मिलने से हड़कंप मच गया। मौके पर दर्जनभर राशन कार्ड भी पाए गए। सूचना मिलने पर खाद्य आपूर्ति निरीक्षक विश्व वंदिता प्रियदर्शनी मौके पर पहुंचीं और राशन कार्डों को जब्त कर जांच शुरू की।
बताया गया कि बरामद राशन कार्ड जोड़ा प्रखंड के भद्रासाही और सरेंडा पंचायतों से संबंधित हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ दिन पहले पिकअप वाहन से चावल की बोरियां लाकर वहां फेंकी गई थीं। हालांकि इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
घटनास्थल पर कई दिनों से पड़े खराब चावल के कारण हाथी और अन्य जंगली जानवरों के पहुंचने के निशान भी मिले हैं। स्थानीय स्तर पर सार्वजनिक वितरण प्रणाली को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं।
आपूर्ति निरीक्षक ने कहा कि पूरे मामले की सटीक जांच की जाएगी और जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी।

